सीजी- घर के अंदर महिला की संदिग्ध मौत: सिर पर मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका से सनसनी – INA

कोरबा जिले के वनांचल ग्राम जमनीमुड़ा में एक महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। मृतिका अगहन कुंवर चौहान का शव उसके ही घर में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस को उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
यह घटना पाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमनीमुड़ा की है। अगहन कुंवर चौहान अपने पति सहदेव राम चौहान के साथ रहती थी। बुधवार की रात दोनों घर में ही थे। शुक्रवार सुबह सहदेव की नींद खुली तो उसने अपनी पत्नी को मृत पाया। उसके सिर से खून बह रहा था। सहदेव ने तुरंत गांव वालों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस जांच और साक्ष्य
मामले की सूचना पाली पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी मनीष कौशिक अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतिका के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे आशंका है कि ईंट या किसी भारी वस्तु से वार किया गया है। मौके पर पड़े ईंट के टुकड़ों को पुलिस ने साक्ष्य के रूप में जब्त किया है।
डॉग स्क्वायड और कार्रवाई
मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया। टीम मौके पर पहुंची, लेकिन घटना के बाद घर में लोगों की लगातार आवाजाही के कारण डॉग स्क्वायड को कोई खास सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी मनीष कौशिक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।