पूर्वी दिल्ली में 12.90 करोड़ से बनेंगे 3 फुटओवर ब्रिज:एनएचएआई ने गीता कॉलोनी और लक्ष्मी नगर में दो एफओबी का शिलान्यास किया- INA NEWS

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे पर पूर्वी दिल्ली में 12.90 करोड़ रुपए की लागत से तीन फुटओवर ब्रिज बनाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने बुधवार को गीता कॉलोनी/गांधी नगर और लक्ष्मी नगर के रमेश पार्क में दो एफओबी का शिलान्यास किया। तीसरा एफओबी भजनपुरा के पास सफेदा बस्ती-गीता कॉलोनी क्षेत्र में बनाया जाएगा। इस मौके पर यमुना पार विकास बोर्ड के चेयरमैन अरविंदर सिंह लवली, लक्ष्मी नगर विधायक अभय वर्मा, कृष्णा नगर विधायक डॉ. अनिल गोयल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और लोग मौजूद रहे। मल्होत्रा ने कहा कि एक्सप्रेसवे के दिल्ली हिस्से के सौंदर्यीकरण की योजना पर भी काम चल रहा है। एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे की जगह का बेहतर इस्तेमाल कर पार्किंग, ईवी चार्जिंग, शौचालय और अन्य जनसुविधाएं विकसित की जाएंगी। तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क पार करना था मुश्किल
मल्होत्रा ने कहा कि अक्षरधाम से देहरादून तक एक्सप्रेसवे के जरिए करीब ढाई घंटे में सफर पूरा किया जा सकता है। एक्सप्रेसवे बनने के बाद भजनपुरा, गीता कॉलोनी और लक्ष्मी नगर में स्थानीय लोगों के लिए सड़क पार करना चुनौतीपूर्ण हो गया था। घनी आबादी वाले इन इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों के कारण पैदल सड़क पार करना जोखिम भरा था। स्थानीय लोगों और विधायकों ने एफओबी की मांग की थी। लिफ्ट की सुविधा, 5-6 महीने में निर्माण पूरा होगा
मल्होत्रा ने कहा कि तीनों एफओबी का निर्माण जल्द शुरू होगा और 5-6 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। एफओबी में लिफ्ट की सुविधा होगी। इससे वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों, श्रमिकों और चलने-फिरने में कठिनाई वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। एफओबी बनने से पैदल यात्रियों को सुरक्षित क्रॉसिंग मिलेगी और वाहनों का आवागमन भी बाधित नहीं होगा।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |