जम्मू के साथ भेदभाव बंद करे सरकार, बाहु फोर्ट को मिले पर्यटन हब का दर्जा: राजीव चाड़क

जम्मू, 09 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, जम्मू में प्रतिदिन की भाँति आज भी जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव राजपूत चाड़क ने विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क किया। कई मामलों में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिलवाए गए, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को अनुशंसा पत्र भी प्रेषित किए गए।
जनता दरबार में भाजपा प्रदेश सचिव श्रीमती आरतिका (आरती) जसरोटिया भी उपस्थित रहीं। उन्होंने भी लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक विवरण दर्ज किया।
जनता दरबार के दौरान डोडा से आए संजीव सिंह राणा ने डेयरी एवं पशुपालन विभाग से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। इस पर राजीव चाड़क ने तत्काल डेयरी एवं एनिमल हसबेंडरी विभाग के एचओडी इंजीनियर नरेंद्र सिंह से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या के समाधान का मार्ग प्रशस्त किया।
इसी प्रकार जिला सांबा से अनुपम सिंह ने अपने क्षेत्र में बिजली के खंभे न होने के कारण लोगों को हो रही कठिनाइयों की जानकारी दी। इस विषय पर राजीव चाड़क ने तत्काल एक्सईएन पीडीडी सांबा श्री शिव कुमार शर्मा से बात कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। इसके अतिरिक्त सैनिक कॉलोनी से राजेंद्र सिंह गुलरिया के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने नाला निर्माण सहित अन्य स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
इसके अलावा जनता दरबार में सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व, स्वास्थ्य तथा अन्य जनहित से जुड़े अनेक विषय भी उठाए गए। राजीव चाड़क ने सभी को आश्वस्त किया कि भारतीय जनता पार्टी सदैव आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक मामले को संबंधित विभागों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाकर उसके समाधान का निरंतर प्रयास करती रहेगी।
इस अवसर पर राजीव चाड़क ने कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार जनसमस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपना रही है, जिसके कारण आम लोगों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों एवं समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने का कार्य निरंतर करती रहेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का ध्यान मुख्यतः कश्मीर संभाग तक सीमित दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि शेख मोहम्मद अब्दुल्ला के समय से ही जम्मू संभाग के साथ भेदभाव होता आया है, जिसके कारण यह क्षेत्र अपनी अपार संभावनाओं के बावजूद अपेक्षित विकास से वंचित रहा है। उन्होंने कहा कि जम्मू संभाग के अनेक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों की उपेक्षा की जा रही है तथा पूर्ववर्ती उपराज्यपाल प्रशासन द्वारा विकसित किए गए नए पर्यटन स्थलों को पर्याप्त वित्तीय सहायता न मिलने के कारण कई विकास कार्य अधूरे पड़े हुए हैं।
राजीव चाड़क ने कहा कि बाहु फोर्ट जम्मू का सबसे बड़ा पर्यटन एवं धार्मिक केंद्र बनने की अपार क्षमता रखता है। यहां एक ओर विश्वप्रसिद्ध माता महाकाली मंदिर (बाहु वाली माता), दूसरी ओर बाग-ए-बाहु, प्रस्तावित गोंडोला (केबल कार) परियोजना, महामाया मंदिर, सूर्यपुत्र मंदिर तथा शौर्य स्तंभ जैसे प्रमुख पर्यटन एवं आस्था केंद्र स्थित हैं। इसके बावजूद इस पूरे क्षेत्र की लगातार उपेक्षा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बाहु फोर्ट को जाने वाली सड़क अत्यंत संकरी होने के कारण श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को प्रतिदिन घंटों ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। इसके अतिरिक्त स्मार्ट सिटी परियोजना अथवा जम्मू नगर निगम द्वारा आज तक कोई बहुस्तरीय (मल्टी-स्टोरी) पार्किंग विकसित नहीं की गई है, जिसके कारण श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को अपनी गाड़ियाँ सड़क किनारे खड़ी करनी पड़ती हैं, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित होती है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि बाहु फोर्ट क्षेत्र को समग्र पर्यटन विकास योजना के अंतर्गत विकसित किया जाए, सड़क चौड़ीकरण, आधुनिक पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा मूलभूत सुविधाओं का शीघ्र विस्तार किया जाए, ताकि यह क्षेत्र देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सके और जम्मू के पर्यटन को नई दिशा मिल सके।
अंत में राजीव चाड़क ने सरकार से मांग की कि जम्मू एवं कश्मीर दोनों संभागों के संतुलित विकास को सुनिश्चित किया जाए, क्षेत्रीय भेदभाव समाप्त किया जाए तथा लंबित जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध कदम उठाए जाएँ।
भाजपा जनता दरबार में उठीं जनसमस्याएँ, राजीव चाड़क ने अधिकारियों से कराई त्वरित कार्रवाई