खबर शहर , Agra News: वक्फ की जमीन खुर्द-बुर्द करने में तहसील कर्मी सहित 11 पर केस – INA

वक्फ की जमीन को खुर्द-बुर्द करने के मामले में तहसील कर्मी सहित 11 के खिलाफ थाना शाहगंज में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए हैं। मामले के अनुसार, वक्फ बोर्ड के प्रतिबंध और अधिकारियों के निर्देशों के बावजूद जमीन के 700 वर्ग गज हिस्से का विक्रय अनुबंध पंजीकृत करा दिया गया।

मामले में वक्फ प्रबंध कमेटी के सचिव अधिवक्ता फिरोजउद्दीन शेख ने अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें कहा कि वक्फ संख्या 405 की संपत्ति संख्या 5/60 मदिया कटरा में स्थित है। यह वक्फ संपत्ति है। उत्तर प्रदेश सेंट्रल वक्फ बोर्ड, लखनऊ में रजिस्टर्ड है। इसका क्षेत्रफल करीब 3800 वर्ग गज है। यह संपत्ति उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के रिकॉर्ड, वर्ष 1992 के सरकारी गजट और नगर निगम के पुराने कर निर्धारण रजिस्टर में वक्फ संपत्ति के रूप में दर्ज है।

आरोप है कि 17 अप्रैल 2025 को सदर तहसील स्थित उपनिबंधक कार्यालय में जमीन के 700 वर्ग गज हिस्से का इकरारनामा पंजीकृत कराया गया जबकि वक्फ बोर्ड ने 15 दिसंबर 2017 के पत्र से संपत्ति का बैनामा नहीं करने के निर्देश दिए थे।

उन्होंने 26 जून, 2025 को आरोपियों को कानूनी नोटिस भेजा था। जवाब नहीं मिलने पर 17 सितंबर, 2025 को पुलिस आयुक्त से शिकायत की। कार्रवाई नहीं होने पर 3 अक्तूबर, 2025 को अदालत में प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई है। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह का कहना है कि मामला जमीन के इकरारनामे से संबंधित है। साक्ष्य संकलन किया जाएगा। यह देखा जाएगा कि पूरे फर्जीवाड़े में कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके आधार पर ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इनके खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी

सेक्टर 14, ईडब्ल्यूएस निवासी यश गोस्वामी, सौरभ गोस्वामी, विमला, ब्रजेश गोस्वामी, गीता रानी, पिनाहट निवासी राकेश, छीपीटोला निवासी पारस जैन, सेक्टर 9 निवासी राजेंद्र प्रताप सिंह, शास्त्रीपुरम निवासी सागर गोस्वामी, भरतपुर निवासी देवेंद्र शंकर गोस्वामी और तहसील कर्मी राकेश कुमार यादव को नामजद किया है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button