खबर शहर , Agra News: ट्रैफिक पार्क के लिए मांगी 2500 वर्ग मीटर जमीन – INA

आगरा। यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने ट्रैफिक पार्क के लिए नगर निगम से जमीन मांगी है। पुलिस ने 2500 वर्गमीटर भूमि निशुल्क उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) हरेंद्र कुमार ने नगर आयुक्त से भूमि आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के लिए कहा है। कोष प्रबंधन समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के तहत कमिश्नरेट पुलिस ने ट्रैफिक पार्क के निर्माण का प्रस्ताव रखा है। नगर आयुक्त से कहा गया है कि शहर में कहीं भी 2500 वर्ग मीटर जमीन उपलब्ध करा दें। अगर यह भूमि नहीं मिलती है तो नगर निगम के किसी उपयुक्त सार्वजनिक पार्क में भी ट्रैफिक पार्क बनाने का विकल्प है।
नियमों, संकेतक का देंगे प्रशिक्षण
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि ट्रैफिक पार्क बनने से स्कूली बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को व्यावहारिक रूप से ट्रैफिक नियमों, रोड संकेतों और सड़क सुरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा सकेगा। इससे शहर में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि इस बारे में रिपोर्ट मांगी गई है। प्रयास शुरू कर दिया गया है।