UP News: बरेली में गौरक्षक-यूट्यूबर सत्यम गौड़ पर जानलेवा हमला, दबंगों ने लाठी-डंडों से पीटा… ICU में लड़ रहे जिंदगी की जंग – INA

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र में गौरक्षक और यूट्यूबर सत्यम गौड़ पर हुए जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. आरोप है कि देर रात घर लौटते समय हमलावरों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सत्यम हमलावरों से छोड़ देने की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं. इसके बावजूद आरोपियों ने मारपीट की. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है.
दरअसल, सत्यम गौड़ फरीदपुर के मोहल्ला बक्सरिया के रहने वाले हैं. देर रात वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे. आरोप है कि टॉकीज रोड के पास पहले से घात लगाए बैठे एक दर्जन से अधिक बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया. इसके बाद अचानक उन पर हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर लगातार लाठी-डंडों और लात-घूंसों से वार करते रहे. सत्यम खुद को बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन हमलावरों ने उनकी एक नहीं सुनी.
मरा समझकर सड़क पर छोड़ा
परिजनों का आरोप है कि जब सत्यम बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े तो हमलावर उन्हें मरा समझकर मौके से भाग गए. देर रात वहां से गुजर रहे एक एंबुलेंस चालक की नजर सड़क पर पड़े घायल युवक पर पड़ी. उसने बिना देर किए सत्यम को स्टेडियम रोड स्थित वंश हॉस्पिटल पहुंचाया. डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती कर लिया.
बताया जा रहा है कि रात में परिवार को इस घटना की जानकारी नहीं मिल सकी. किसी परिचित के जरिए सूचना मिलने पर आज परिजन अस्पताल पहुंचे. सत्यम की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है.
सत्यम के भाई शिवम गौड़ ने बताया कि हमले में उनके भाई के शरीर की कई हड्डियां टूट गई हैं. उनका आरोप है कि फर्रुखपुर निवासी विक्की और उसके साथियों ने इस वारदात को अंजाम दिया. परिवार का कहना है कि कुछ आरोपियों की पहचान हो चुकी है और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
वीडियो बना अहम सबूत
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है. वीडियो में सत्यम हमलावरों से रहम की अपील करते नजर आ रहे हैं, जबकि कई लोग उन पर लगातार हमला करते दिखाई दे रहे हैं. इसी वीडियो को पुलिस जांच का अहम आधार मान रही है. पुलिस वीडियो के साथ अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है ताकि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा सके.
वहीं, फरीदपुर सीओ संदीप सिंह का कहना है कि सत्यम गौड़ पर हमला होने की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है. परिजनों से तहरीर ली जा रही है. घटना का वीडियो भी पुलिस के पास पहुंचा है, जिसकी बारीकी से जांच की जा रही है. वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी.
बरेली में गौरक्षक-यूट्यूबर सत्यम गौड़ पर जानलेवा हमला, दबंगों ने लाठी-डंडों से पीटा… ICU में लड़ रहे जिंदगी की जंग
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,