सीजी- Durg-Bhilai: रास्ते में खड़ी खड़ी पिकअप हटाने की बात पर खूनी बवाल, रॉड-हॉकी स्टिक से हमला, 4 आरोपी गिरफ्तार – INA

जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी पिकअप गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच रॉड, डंडों, ईंट-पत्थरों और हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 29 जुलाई की देर रात पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के डबरापारा इलाके में हुई। शिकायतकर्ता पूजा साहू अपने परिवार के साथ हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र से घर लौट रही थीं। डबरापारा पुल के नीचे सड़क किनारे एक पिकअप वाहन खड़ा होने के कारण उनकी कार . नहीं बढ़ पा रही थी, इस पर उन्होंने वाहन हटाने के लिए पिकअप चालक को बुलाया।
ये भी पढ़ें: GPM News: संदिग्ध महिला के शव की हुई पहचान, पीएम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या का खुलासा, जांच में जुटी पुलिस
आरोप है कि पिकअप चालक सोहन वर्मा मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। इसी दौरान पूजा साहू के पति निलेश साहू भी वहां पहुंच गए। कुछ देर बाद सोहन वर्मा के साथ मोहन वर्मा, रामगोपाल वर्मा और उनका साथी राजा राजपूत भी मौके पर आ गए।
शिकायत के अनुसार चारों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पिकअप वाहन में रखे लोहे के जैक रॉड तथा हॉकी स्टिक से निलेश साहू और तेजराम साहू के सिर एवं पैरों पर हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने पहुंचीं सैलजा साहू के साथ भी मारपीट की गई। हमले में पीड़ित परिवार के कई सदस्य घायल हुए, जबकि एक युवक को गंभीर चोट लगने के कारण निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की शिकायत पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सोहन वर्मा, मोहन वर्मा, रामगोपाल वर्मा और राजा राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल लोहे का जैक रॉड और हॉकी स्टिक भी जब्त कर ली गई है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर . की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।