ईरान बोला- अमेरिका अपने मकसद में नाकाम रहा:जंग की तैयारी और तेज करेंगे, सऊदी ने US से हमले टालने को कहा- INA NEWS

ईरान के कार्यवाहक रक्षा मंत्री माजिद इब्न अल-रेजा ने कहा कि अमेरिका अपने सैन्य मकसद पूरे नहीं कर पाया है। लेकिन इससे ईरान को ढील नहीं देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को भविष्य की जंग के लिए और तेजी से तैयारी करनी होगी। माजिद ने कहा, दुश्मन अपने मकसद में नाकाम रहा है, लेकिन हमें लापरवाह नहीं होना चाहिए। जंग की तैयारी, नई तकनीक और रक्षा क्षमता को पहले से ज्यादा तेजी से बढ़ाना होगा। रक्षा मंत्री ने स्पेस टेक्नोलॉजी, इंटेलिजेंस, कम लागत में हथियार बनाने और रक्षा उद्योग को मजबूत करने को सरकार की प्राथमिकता बताया। उधर, एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से फोन पर बात की। उन्होंने ईरान के खिलाफ संभावित बड़े सैन्य हमले पर चिंता जताई और ट्रम्प से संयम बरतने के साथ इस योजना को टालने की अपील की। पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स.. 1. अमेरिका ने मिडिल ईस्ट छोड़ने की एडवाइजरी जारी की: अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने नागरिकों से कहा है कि अगर सुरक्षा हालात और बिगड़ते हैं तो वे पश्चिम एशिया छोड़ने की तैयारी रखें। एडवाइजरी ट्रम्प की ईरान पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी के बीच जारी की गई। 2. ईरान बोला- हर अमेरिकी हमले का उसी तरह जवाब देंगे: ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि तेहरान किसी भी अमेरिकी सैन्य हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने पाकिस्तान और तुर्किये के नेताओं से बातचीत में भी यही संदेश दोहराया। 3. अमेरिका के पास इजराइल की रक्षा के लिए संसाधन कम पड़ रहे: वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना के वरिष्ठ जनरल ने पेंटागन को चेतावनी दी है कि ईरान के लगातार हमलों से इजराइल की रक्षा के लिए मौजूदा नौसैनिक संसाधन पर्याप्त नहीं हैं। 4. जयशंकर ने ईरान से कहा- कारोबारी जहाजों को निशाना न बनाएं: विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ईरानी विदेश मंत्री से फोन पर बात कर कारोबारी जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। सरकार ने बताया कि पश्चिम एशिया संघर्ष में अब तक 16 भारतीयों की मौत और 75 लोग घायल हुए हैं। 5. अमेरिका इजराइल में 40 रीफ्यूलिंग विमान तैनात करेगा: इजराइली मीडिया के मुताबिक, अमेरिका बेन गुरियन एयरपोर्ट पर 10 और रीफ्यूलिंग विमान भेज रहा है। इसके बाद वहां ऐसे विमानों की कुल संख्या 40 हो जाएगी, जिससे क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य तैयारियां और मजबूत होंगी। ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |