खबर शहर , Agra News: गर्मी-उमस में बिजली कटौती की मार, घंटों गुल रही बत्ती; मरम्मत के नाम पर परेशान हुए लोग – INA

गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम की बिजली कटौती और परेशान कर रही है। रविवार को छुट्टी के दिन शहर के टोरंट पॉवर की आपूर्ति वाले क्षेत्रों से सटे डीवीवीएनएल की आपूर्ति वाले इलाकों में लोगों को घंटों बिजली के लिए परेशान होना पड़ा। अधिकारी मरम्मत का काम होने की बात कहकर जवाबदेही से बचते रहे।

डिस्कॉम के आला अधिकारी मार्च से पहले ही ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, तारों के बदलाव से लेकर मरम्मत के अन्य कार्य किए जाने के दावे कर रहे थे। हालांकि उनके दावों से इतर जमीन पर स्थिति कुछ और ही नजर आ रही है। विभाग के इस झूठ और खेल की वजह से लोग बिजली के लिए धड़ल्ले से डीजल वाले जनरेटरों का उपयोग कर रहे हैं। यह तब है जब डीवीवीएनएल के अधिकारी 18 से 22 घंटे तक आपूर्ति की बात कहते रहे हैं। उधर, ग्रामीणों को जैतपुर में महज 12 घंटे बिजली मिल रही है।

समाजसेवी कुलदीप भदौरिया ने बताया कि दिन में 5 घंटे तथा रात में 7 घंटे बिजली आपूर्ति मिलती है। रात 10 बजे के बाद बिजली आने की वजह से ग्रामीण परेशान हो जाते हैं। अभयपुरा बिजली घर क्षेत्र में शनिवार की रात बिजली गुल होने से ग्रामीण बेचैन हो उठे। बिजली कटौती को लेकर पूछे जाने पर अवर अभियंता राजकुमार ने बताया कि ट्रांसमिशन से आपूर्ति बंद होने की वजह से दिक्कत हुई थी।

अछनेरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कस्बे सहित दर्जनों गांवों में बिजली व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। व्यापारियों और ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीण गोविंद शर्मा, अनिल शर्मा, वीरेंद्र सिंह ने बताया है गांवों में कम से कम 9 घंटे बिजली काटी जा रही है। कागारौल में भी अघोषित बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। हाल ही में व्यापारियों और ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था के विरोध में बाजार बंद कर धरना भी दिया था।

खेरागढ़ में 24 घंटे में 12 बार गुल होती है बत्ती

खेरागढ़ कस्बे में बार-बार ट्रिपिंग से आमजन, दुकानदारों सभी परेशान हैं। लोगों ने बताया कि 24 घंटे में कम से कम 12 बार कटौती हो रही है। गांव कुसियापुर में जर्जर होकर लटक रही विद्युत केबल से होने वाले फॉल्ट और हादसे की आशंका की ग्रामीणों ने बीते शनिवार को समाधान दिवस में शिकायत भी की थी। वहीं, लादूखेड़ा में केवल 14 घंटे विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। लोगों ने बताया कि उमस भरी दोपहर में बार-बार विद्युत आपूर्ति काट दी जाती है जिसके चलते लोग परेशान हैं। रात में भी बार-बार बिजली कटने से लोगों की नींद भी पूरी नहीं हो पा रही है। यही हाल इरादत नगर का भी है।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button