खबर शहर , Agra: कागजों में अतिक्रमण पर कार्रवाई, सड़क पर फिर सज गई अवैध मंडियां; कलुआराम मंडी का ये है हाल – INA

आगरा के बसई की कलुआराम मंडी में फुटकर बिक्री रोकने और बसई में सड़कों पर अतिक्रमण कर संचालित अवैध मंडियों को रोकने के लिए गठित टीम की कार्रवाई कागजों में ही सिमट कर रह गई है। मंडी में फुटकर बिक्री जारी है। सड़कों पर अवैध आढ़त भी लग रही है।

बरौली अहीर में व्यापारियों के धरने को समाप्त करने के लिए प्रशासन ने टीम गठित कर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। नगर निगम, मंडी समिति और पुलिस कर्मियों की पांच सदस्यीय समिति गठित की थी। जिसे दो पालियों में जाकर निरीक्षण कर कार्रवाई करनी थी। टीम एक दो दिन पहुंची। सड़कों से अतिक्रमण हटाया। इसके बाद फिर से सड़कों पर अतिक्रमण कर अवैध मंडी लगने लगी हैं। वहीं कलुआराम मंडी में फुटकर बिक्री रोक लगाई गई थी। लेकिन एक भी दिन वहां कार्रवाई नहीं की गई।

बगैर फुटकर नहीं चलेगा थोक व्यापार

कलुआराम मंडी का निरीक्षण किया है। वहां की स्थिति यह है कि बिना फुटकर के थोक व्यापार नहीं चल सकेगा। इसलिए कार्रवाई नहीं जा रही है। सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए अन्य विभाग का सहयोग नहीं मिल रहा है। – अजय प्रताप , मंडी समिति सचिव

बरौली अहीर में दूसरे दिन धरना

नवीन फल एवं सब्जी मंडी बरौली अहीर में धरने पर बैठे व्यापारियों का दूसरे दिन भी धरना जारी रहा। मंडी उपाध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह ने बताया व्यापारियों ने जीवनभर की कमाई लगाकर दुकानों को खरीदा था। मंडी संचालित न होने से व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा है। धरने में विजय, अजीत सिंह, बीरी सिंह, सनी, प्रवीण बघेल, भूरी सिंह और सुंदर सिंह आदि शामिल रहे।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button