खबर शहर , मैनपुरी में भीषण टक्कर: टेंपो के उड़े परखच्चे, चालक की मौत; खड़े मिनी ट्रक में पीछे से जा घुसा था टेंपो – INA

मैनपुरी के कस्बा बेवर क्षेत्र में गुरुवार देर रात इटावा रोड बाईपास स्थित मामा ट्रांसपोर्ट के सामने हुए भीषण सड़क हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब 11:30 बजे उस समय हुआ, जब सिंगी रामपुर  से लौट रहा टेंपो सड़क किनारे खड़े मिनी ट्रक में पीछे से जा घुसा। 

मृतक के पिता के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेवर भिजवाया चिकित्सकों ने टेंपो चालक ध्रुव कुमार (40) पुत्र गुड्डू, निवासी ग्राम धीरपुर, थाना बेवर,  जो टेंपो चला रहा था, को मृत घोषित कर दिया। 

वहीं दूसरे घायल राजवीर पुत्र विश्वनाथ, निवासी पसावा, थाना कायमगंज, जनपद फर्रुखाबाद की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक व घायल के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पर भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button