यूपी – Amroha: मुर्गे की पकौड़ी बनाने से मना किया तो पलट दी तेल से भरी कड़ाही, दुकानदार को जमकर पीटा, मच गया हंगामा – INA

नौगावां सादात कोतवाली क्षेत्र के गजस्थल गांव में पकौड़ी की दुकान चलाने वाले दुकानदार से मुर्गे की पकौड़ी बनवाने को लेकर विवाद हो गया। पकौड़ी बनाने से मना करने पर आरोपियों ने तेल से भरी कड़ाही पलट दी। गर्म तेल की छींटें दुकानदार समेत वहां मौजूद अन्य लोगों पर जा गिरीं।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से दुकानदार के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घटना के दौरान काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गजस्थल गांव निवासी उमेश मजदूरी के साथ गांव में पकौड़ी की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। उमेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार की रात करीब 8:30 बजे गांव के अब्दुल्ला, जौनी, मोटा और हनीफ उसकी दुकान पर पहुंचे।
आरोप है कि उन्होंने उमेश से मुर्गे की पकौड़ी बनाने के लिए कहा। उमेश ने यह कहते हुए पकौड़ी बनाने से मना कर दिया कि वह मुर्गे की पकौड़ी नहीं बनाता है। आरोप है कि इससे नाराज होकर चारों लोगों ने दुकान में रखी तेल से भरी कड़ाही पलट दी।
गर्म तेल की छींटें उमेश, कन्हैया समेत वहां खड़े अन्य लोगों पर पड़ीं। इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से उमेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे आरोपियों से बचाया।
जाते समय आरोपी उसे जान से मारने की धमकी भी दे गए। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।