खबर शहर , Agra: कमला नगर के बाद दयालबाग में धंसी सड़क, बारिश ने खोली घटिया निर्माण की पोल; अफसरों को लगी फटकार – INA

आगरा स्मार्ट सिटी बनाने के बड़े-बड़े .ों और दावों की जमीनी हकीकत अब सड़कों के बीचो-बीच बने गड्ढों में साफ दिखाई दे रही है। कमला नगर में सड़क धंसने की घटना की गूंज अभी थमी नहीं थी कि दयालबाग क्षेत्र के जयराम बाग मुख्य मार्ग पर सड़क धंस गई।

सड़क के बीचो-बीच बने कई फीट गहरे गड्ढे ने नगर निगम की कार्यशैली की पोल खोल दी है। वहीं राहगीरों और वाहन चालकों के मन में दहशत का माहौल है। वर्ष 2014 में जयराम बाग मार्ग पर सीवर लाइन डालने में मानकों की धज्जियां उड़ाई गई थीं।

इस घोर लापरवाही और घटिया निर्माण सामग्री की वजह से रविवार को सड़क धंस गई। स्थानीय लोगों ने बांस से क्षेत्र को कवर किया। स्थानीय लोगों ने उच्चस्तरीय जांच कराने, सीवर लाइन डालने वाले दोषी ठेकेदारों और मिलीभगत करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मोती कटरा में सड़क धंसने पर मंत्री ने लगाई फटकार

 बारिश से बिगड़े हालात और घटिया निर्माण कार्यों की शिकायत पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने रविवार को आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मोती कटरा में सड़क धंसने पर नगर निगम अधिकारियों को फटकार लगाई और तुरंत राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

मोती कटरा के घने आवासीय क्षेत्र में बारिश के बाद मुख्य सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंसने से स्थानीय निवासियों में नाराजगी थी। मंत्री ने अधिकारियों से समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए कहा। इसके बाद कैबिनेट मंत्री कोठी मीना बाजार पहुंचे जहां सीएम ग्रिड योजना के कार्यों में कई कमियां और लापरवाही उजागर हुई।

घटिया गुणवत्ता और धीमी गति को देखकर मंत्री ने नगर निगम और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए काम में तत्काल सुधार लाने की हिदायत दी। इस दाैरान नगर निगम से एई कपीश, अभियंता मुकेश कुमार, मुन्ना सिंह प्रजापति पार्षद व अन्य माैजूद रहे।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button