खबर शहर , हैंडबॉल : एमडी जैन का दबदबा, तीनों आयु वर्ग में जीती ट्रॉफी – INA

आगरा। क्वीन विक्टोरिया गर्ल्स इंटर कॉलेज के मैदान पर मंगलवार को आयोजित माध्यमिक विद्यालयीय बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता में एमडी जैन इंटर कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन किया। कॉलेज की टीमों ने तीनों आयु वर्ग में जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

जनपदीय क्रीड़ा सचिव डॉ. रीनेश मित्तल ने बताया कि 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल मुकाबलों में एमडी जैन की टीमों ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त दी। 19 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल में सेंट पॉल्स स्कूल को 12-6 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से प्रशांत ने सर्वाधिक छह गोल किए। देव ने दो, विवेक, चाणक्य, आयुष और सत्यम ने एक-एक गोल किया।

गोलकीपर शिवम ने शानदार गोलकीपिंग करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। सेंट पॉल्स की ओर से नाइस ने चार और हर्ष ने दो गोल किए। 17 वर्ष आयु वर्ग में एमडी जैन ने जीआईसी को 8-2 से हराया। एमडी जैन की ओर से कृष्णा सिकरवार ने तीन गोल दागे, जबकि अर्णव, अतुल्य कृष्णा, नक्श और खुशाल ने एक-एक गोल किया। उपविजेता जीआईसी की ओर से देव और अंशु ने एक-एक गोल किया।

14 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल में एमडी जैन ने सेंट पॉल्स को 2-0 से शिकस्त दी। विजेता टीम की ओर से हर्ष मौर्य ने दोनों गोल किए। इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ विदुषी सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका सौरभ शर्मा, अवधेश कुमार, अभय शर्मा और सौरभ ने निभाई।

समापन समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक (बालिका शिक्षा) बीपी सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. अनिल वशिष्ठ, डॉ. अतुल जैन, डॉ. एसके सिंह, डॉ. सोमदेव सारस्वत, डॉ. संजय गर्ग और अरुण कुमार ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान उपमा देवी, पंकज शर्मा, पंकज कश्यप, आशा वशिष्ठ, रेखा शमी, संजय नेहरू, केपी सिंह, रवि प्रकाश आदि मौजूद रहे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button