खबर शहर , Agra News: पानी…बूंद-बूंद के लिए दिनभर परेशानी – INA

आगरा। यमुनापार से लेकर घटवासन, बल्केश्वर, विजय नगर कॉलोनी तक के पांच लाख से ज्यादा लोग मंगलवार को बूंद-बूंद पानी के लिए तरस गए। रामबाग चौराहे पर मेट्रो के पिलर की खुदाई में 750 मिमी. व्यास की पाइपलाइन टूटने से पानी का संकट गहरा गया। लोगों ने एक हजार रुपये में निजी टैंकर मंगवाया और 100 रुपये प्रति ड्रम में पानी खरीदा।
सरकारी सबमर्सिबल पंप वाली जगहों पर पूरे दिन लोग हाथों में बाल्टियां लेकर पानी भरने पहुंचते रहे। जलकल विभाग का दावा है कि बुधवार सुबह तक जलापूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। यमुनापार में जलकल विभाग के टैंकर मंगलवार को कम पहुंचे तो लोगों ने निजी टैंकरों से पानी मंगवाया। तब घर की पानी की टंकी भरी गई।
20 रुपये में मिलने वाला पानी का कैंपर 30 रुपये का मिला। पानी की किल्लत इस कदर रही कि टैंकर पहुंचते ही लोगों की भीड़ जुट जाती। गलियों में टैंकर न पहुंच पाने के कारण लोग प्लास्टिक ड्रम लेकर सड़क किनारे ही बैठ गए और टैंकर आते ही पानी भरने में जुट जाते।
रामबाग पर क्षतिग्रस्त हुई 750 एमएम की पाइपलाइन की मरम्मत मंगलवार रात तक हो पाई। रामबाग में मरम्मत के दौरान जीवनी मंडी वाटरवर्क्स पर वाल्व बंद कर दिया गया था। इसके कारण कमला नगर, बल्केश्वर, घटवासन, विजय नगर, लंगड़े की चौकी में भी पानी नहीं पहुंचा।
सुबह सामान्य हो जाएगी आपूर्ति
मरम्मत के बाद मोटरें चालू कर दी गईं। रात में लाइन खाली होने के कारण जलाशयों और ओवरहेड टैंक भरने में समय लगा। बुधवार सुबह तक जलापूर्ति सामान्य हो जाएगी। – प्रेमचंद्र आर्य, अधिशासी अभियंता, जलकल
इन इलाकों में हुई मुसीबत
यमुनापार के शाहदरा, नुनिहाई, ट्रांस यमुना फेज-2, नरायच, नगला रामबल, सती नगर, श्याम नगर, फाउंड्री नगर, कैला देवी मंदिर, कृष्णा कॉलोनी, श्याम विहार कॉलोनी, सौदान सिंह डिग्री कॉलेज, बसेरा कॉलोनी, महावीर नगर, बालाजी नगर, कालिंदी विहार, एडीए कॉलोनी, कांशीराम आवास, नगला विहारी, बघेल बस्ती आदि क्षेत्रों में पानी के लिए लोग जूझते रहे।
लोगों ने बताई परेशानी
– तीन दिन से पानी के लिए परेशान हैं। कितनी बार टैंकर से पानी भरें। उमस भरी गर्मी है, इसलिए पानी की मांग भी ज्यादा है। दो हजार रुपये का पानी दो दिनों में खरीदना पड़ा।
राकेश त्यागी, महावीर नगर
– जलकल से टैंकर मंगवाया, लेकिन आया नहीं। ऐसे में निजी टैंकर से पानी खरीदा। 300 मीटर दूर ड्रम ले जाकर भरवाया। एक दिन के काम के लिए तीन दिन परेशान होना पड़ा। श्याम बहादुर, ट्रांसयमुना
दिल्ली गेट पर टूटी पानी की लाइन
सीएम ग्रिड की सड़क निर्माण के दौरान की गई खुदाई में दिल्ली गेट पर मस्जिद के पास पानी की लाइन टूट गई। इससे शाम को आपूर्ति के दौरान पानी बर्बाद होने लगा। यहां से हरीपर्वत पेट्रोल पंप तक पानी बहता रहा। क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान ने सीएम ग्रिड में बरती जा रही लापरवाही पर नगर आयुक्त से कार्रवाई की मांग की है।