खबर शहर , UP: कारोबारी का 16 वर्षीय बेटा लापता, अभी तक नहीं लगा सुराग; व्यापार मंडल ने पुलिस को दी ये चेतावनी – INA

आगरा के ताजगंज क्षेत्र से आठ अगस्त से लापता 16 वर्षीय कारोबारी बेटे समीर की तलाश जारी है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। बुधवार को ताजगंज व्यापारमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पुलिस को 24 घंटे में किशोर को खोजने का अल्टीमेटम दिया है।
नवादा बाजार निवासी बृजेश राठौर का बेटा समीर शाम पांच बजे ट्यूशन के लिए घर से निकला था। वह अपनी किताब खरीदने के लिए तीन हजार रुपये भी साथ ले गया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं आया और उसका मोबाइल नंबर भी बंद है। ट्यूशन में जानकारी करने पर पता चला कि समीर वहां पहुंचा ही नहीं था। मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता बृजेश दुकान बंद कर हर संभव जगह बेटे को तलाश रहे हैं। ताजगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश राठौर बुधवार को पदाधिकारियों के साथ परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को ढाढ़स बंधाया।
उन्होंने कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर बच्चे का पता नहीं लगाया गया तो सैकड़ों की संख्या में व्यापारी थाना ताजगंज का घेराव करेंगे। इस दौरान रणवीर सिंह राठौर, गौरव वर्मा, अजय राठौर, विमल जैन, रवि माहौर, रूपेश राठौर, अनिल राठौर, नवीन शर्मा और मनीष यादराम उपस्थित थे।