Crime- रोहतक में विवाहिता की हत्या: बोरे में बंद कर कार में डाला शव, जम्मू-कटरा हाइवे के पास मिला; तीन जिलों का मामला -#INA

सोनीपत जिले के गांव फरमाणा की विवाहिता तमन्ना की हत्या कर शव बोरे में बंद करके कार में डाल लिया गया। कार जम्मू-कटरा हाइवे के नजदीक पोलंगी गांव के खेतों में सोनीपत पुलिस को मिली है। देर रात सोनीपत पुलिस की सूचना पर आईएमटी थाने में पिता की शिकायत पर पति के हरविंद्र उर्फ रिंकू के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है।
झज्जर जिले के गांव हसनपुर-परनाला निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी तमन्ना तो बेटा अभिजीत छोटा है। तमन्ना ने 2021 में अपनी मर्जी से सोनीपत जिले के गांव फरमाणा निवासी हरविंद्र उर्फ रिंकू से विवाह किया था। उनकी साली मीनू ने यह रिश्ता करवाया था।
तमन्ना के दो बच्चे हैं। शादी के बाद से तमन्ना व हरविंद्र के बीच अनबन रहती थी। विवाद यहां तक बढ़ा कि तमन्ना अलग से रोहतक में रह रही थी। जबकि बच्चे फरमाणा गांव में ही रह रहे हैं। वीरवार रात करीब साढ़े आठ बजे बेटे अभिजीत को सोनीपत पुलिस ने सूचना दी कि आपकी बहन की हत्या आपके बहनोई ने कर दी है। शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए कार के अंदर बोरे बंद करके डाला हुआ है।
यह कार फिलहाल सोनीपत के गांव फरमाणा में खड़ी है। हालांकि हत्या जम्मू-कटरा एक्सप्रेस हाइवे के पास पोलंगी गांव के खेतों में की गई है। देर रात अभिजीत अपने पिता विकास व अन्य परिजनों के साथ आईएमटी थाने में पहुंचा। रात करीब ढाई बजे पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर पति के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।