आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र स्थित स्पंदन हार्ट हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद परिजन पर हंगामा, गालीगलौज, धक्कामुक्की और मारपीट करने का आरोप लगा है। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मुकेश गोयल की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
डॉ. मुकेश ने बताया कि खेरिया मोड़ निवासी ज्ञान स्वरूप गुप्ता को 16 अगस्त की सुबह 5:45 बजे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। मरीज को पहले भी गंभीर स्थिति में एसआर अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका था। उसे हृदय रोग समेत कई समस्याएं थीं। न्यूरोसर्जन ने भी मरीज को देखा था और उसकी गंभीर स्थिति के बारे में परिजन को जानकारी दी गई थी।
आरोप है कि सुबह करीब 11:02 बजे हृदयगति रुकने से मरीज की मौत हो गई। बेटे को इसकी जानकारी देने के बाद नीली शर्ट पहने एक रिश्तेदार ने अस्पताल में गालीगलौज, धक्कामुक्की और मारपीट शुरू कर दी। जान से मारने की धमकी देने लगा। रिसेप्शन पर कार्यरत युवती से भी अभद्रता की गई। अस्पताल का आरोप है कि हंगामे से हृदय रोगियों का इलाज प्रभावित हुआ। बाद में परिजन एंबुलेंस से मरीज को ले गए और मेडिकल बिल भी पूरा जमा नहीं किया। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।