खबर शहर , सावन का चौथा सोमवार: आगरा में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, घर से निकलने से पहले जान लें बदले रास्ते – INA

आगरा में सावन के चौथे सोमवार को कांवड़ यात्रा, प्रमुख शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर के मेले को देखते हुए रविवार शाम से ही यातायात पुलिस ने शहर में डायवर्जन लागू कर दिया। नो एंट्री लागू कर सोमवार देर रात तक के लिए सभी अनुमति पास रद्द कर दिए गए हैं।

हाथरस से आने वाले भारी वाहनों को सादाबाद से सिकंदराराऊ या मथुरा की ओर भेजा गया। मथुरा-फिरोजाबाद मार्ग पर यातायात एनएच-19 पर चलता रहा। फिरोजाबाद से जयपुर जाने वाले भारी वाहन रुनकता-रैपुरा जाट से दक्षिणी बाईपास, अलीगढ़ से आने वाले वाहन खंदौली-मुढ़ी-एत्मादपुर होकर दिल्ली हाईवे एनएच-19 और भरतपुर-फतेहपुर सीकरी के भारी वाहन महुअर से दक्षिणी बाईपास भेजे गए। यमुना एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहन खंदौली न उतरकर कुबेरपुर की ओर गए।

एनएच-19 के भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रही। रामबाग से रोहता नहर चौराहा तक कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया। पृथ्वीनाथ पार्क, भोगीपुरा, रूई की मंडी समेत कई मार्गों पर आंतरिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है। कैलाश, रावली, राजराजेश्वर, बल्केश्वर और मनकामेश्वर मंदिरों पर सुबह चार बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक बैरियर पर रोका जा रहा है। यातायात सहायता के लिए 9454457886 मोबाइल नंबर जारी किया गया है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button