खबर शहर , Agra News: ध्रुव ने जड़ा शतक, शहरवासियों में खुशी – INA

आगरा। श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में सोमवार को शहर के स्टार क्रिकेटर ध्रुव जुरैल ने टेस्ट क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया। श्रीलंका के खिलाफ धैर्य और जुझारूपन का परिचय देते हुए ध्रुव ने अपने टेस्ट कॅरिअर का दूसरा शतक जड़ा। वह उत्तर प्रदेश के क्रिकेट इतिहास में दो टेस्ट शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए है।

ध्रुव से पहले यूपी के दिग्गज क्रिकेटर सुरेश रैना और मोहम्मद कैफ के नाम टेस्ट क्रिकेट में एक-एक शतक दर्ज था। ध्रुव की 115 रनों की नाबाद पारी देखकर शहर के क्रिकेटप्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। आगरा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन ने कहा कि ध्रुव का शतक पूरे आगरा के लिए गर्व की बात है। उनकी यह उपलब्धि शहर के युवा क्रिकेटरों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनेगी।

डॉ. आंबेडकर विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान डॉ. पराग गौतम ने कहा कि ध्रुव ने अपनी शानदार तकनीक, धैर्य और जुझारूपन से भारतीय टीम में अपनी अलग पहचान बनाई है। विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी नवीन गोस्वामी ने कहा कि श्रीलंका जैसी मजबूत टीम के खिलाफ ध्रुव ने शतक बनाकर एक बार फिर अपना हुनर साबित किया है।क्रिकेट कमेंटेटर नरेंद्र शर्मा, क्रिकेट प्रशासक बलदेव भटनागर, सिटीजन क्रिकेट क्लब के सचिव मुईन बाबू ने भी ध्रुव की उपलब्धि पर खुशी जताई।


सैल्यूट कर सेना को दिया सम्मान

शतक पूरा करते ही ध्रुव जुरैल ने अपने खास सिग्नेचर सैल्यूट से पिता और भारतीय सेना को सम्मान समर्पित किया। जश्न के दौरान उनके शरीर पर बना जय जवान जय किसान का टैटू भी साफ नजर आया। पूर्व सैनिक पिता नेम सिंह जुरैल के अनुशासन और ग्रामीण पृष्ठभूमि का प्रभाव ध्रुव के व्यक्तित्व में साफ झलकता है। कोच परवेंद्र यादव ने कहा कि ध्रुव का सैल्यूट महज एक सेलिब्रेशन नहीं, बल्कि सेना और अपने पिता के प्रति अटूट सम्मान का प्रतीक है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button