सीजी- बिलासपुर: भाई से झगड़े के बाद हाईवोल्टेज ड्रामा, बिजली के टावर पर चढ़ा युवक, दो घंटे की समझाइश के बाद उतारा – INA

कोतवाली थाना क्षेत्र के दयालबंद में शनिवार को भाई से विवाद के बाद नाराज एक युवक बिजली के टावर पर चढ़ गया। युवक को ऊंचाई पर बैठा देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। करीब दो घंटे तक मोहल्लेवासी युवक को समझाकर नीचे उतरने के लिए मनाते रहे। आखिरकार मोहल्ले के दो युवकों ने बातचीत कर उसे भरोसे में लिया और सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद पुलिस युवक को थाने ले गई, जहां पूछताछ के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार दयालबंद स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे रहने वाले कुंदन केसरी (32) पिता कमल केसरी का शनिवार को किसी बात को लेकर अपने भाई से विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह काफी नाराज हो गया और घर से निकल गया। कुछ देर बाद कुंदन नदी किनारे गुरुनानक स्कूल के पास स्थित बिजली के टावर पर चढ़ गया। उसे टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मोहल्लेवासी भी मौके पर पहुंच गए।
ये भी पढ़ें: CG: नारायणपुर के जंगल में मिला नक्सलियों का हथियार डंप, 10 राइफल और 2 किलो विस्फोटक जब्त
युवक को टावर पर बैठा देखकर लोगों ने लगातार उससे बातचीत शुरू की और नीचे उतरने के लिए समझाया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सभी युवक को शांत कराने और सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश करते रहे लेकिन वह काफी देर तक टावर से नीचे आने को तैयार नहीं हुआ। करीब दो घंटे तक समझाइश चलती रही। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की चिंता बढ़ती जा रही थी।
बाद में मोहल्ले के ही दो युवकों ने कुंदन से बातचीत की और उसे भरोसे में लेकर किसी तरह नीचे आने के लिए तैयार किया। दोनों युवकों की समझाइश के बाद कुंदन सुरक्षित नीचे उतर आया। उसके नीचे आते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। युवक को नीचे उतारे जाने के बाद पुलिस उसे थाने लेकर गई और भाई से विवाद तथा टावर पर चढ़ने के कारणों के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस ने युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना के दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।