UP News: पेपर विवाद, मारपीट और छात्रा की मौत… हरदोई के स्कूल में क्षमा के साथ क्या हुआ उस दिन? जानें पूरी कहानी – INA

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में कक्षा आठ की 13 साल की छात्रा की इलाज के दौरान मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है. पचदेवरा थाना क्षेत्र के सहुआपुर गांव की रहने वाली क्षमा दीक्षित के परिजनों ने स्कूल में मारपीट के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने का आरोप लगाया है. मामले में शिक्षा विभाग और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. आरोपी इंचार्ज प्रधानाध्यापक और टीचर को सस्पेंड कर दिया गया है.
घरवालों के मुताबिक, 20 अगस्त को परीक्षा के दौरान पेपर देखने को लेकर क्षमा का एक सहपाठी छात्रा से विवाद हो गया था. आरोप है कि कहासुनी के बाद सहपाठी ने क्षमा के साथ मारपीट की. इसके बाद वह शिकायत लेकर शिक्षक के पास पहुंची. परिवार का आरोप है कि शिक्षक ने उसकी बात सुनने के बजाय उसके साथ भी मारपीट की और दोनों हाथ मरोड़ दिए. हाथों में फ्रैक्चर हो गया.
परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद से ही क्षमा की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी. स्कूल पहुंचे स्वजन को शिक्षक की ओर से इलाज कराने की बात कही गई थी. करीब दो दिन इलाज के बाद भी हालत में सुधार नहीं होने पर 23 अगस्त को उसे फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया.
हालत बिगड़ी तो निजी अस्पताल में कराया भर्ती
लोहिया अस्पताल में हालत गंभीर होने पर परिजन क्षमा को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान रविवार रात उसकी मौत हो गई. इलाज के दौरान दिए गए कथित अंतिम बयान ने परिवार और आसपास के लोगों को झकझोर दिया. परिजनों के अनुसार, कराहती हुई क्षमा के मुंह से निकला- मेरी कोई नहीं मानता. हालांकि, इस कथित अंतिम बयान और छात्रा की मौत के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होनी बाकी है.
बेटी की मौत के बाद पिता ने पुलिस से लगाई गुहार
बेटी की मौत के बाद पिता उमेश दीक्षित ने पुलिस को तहरीर देकर स्कूल के शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि स्कूल में हुई घटना के बाद ही बेटी की हालत बिगड़ी और आखिरकार उसकी मौत हो गई. सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया. मां संगीता देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सुरक्षा के मद्देनजर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया.
खंड शिक्षा अधिकारी भरखनी सुनील कुमार के अनुसार, आरोपी इंचार्ज प्रधानाध्यापक राजेंद्र गंगवार और कक्षाध्यापक अच्छे सिंह यादव को निलंबित कर दिया गया है. एएसपी सुबोध गौतम ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और दोनों आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.
पुलिस छात्रा की मौत के मामले में शिक्षक और सहपाठी छात्रा की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष से ही स्पष्ट होगा कि छात्रा की मौत की वजह क्या थी और इसके लिए किसकी जिम्मेदारी तय होती है.
मेरी कोई नहीं मानता ने खड़े किए कई सवाल
क्षमा की कथित आखिरी बात ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान होना चाहिए, जहां उनकी बात सुनी जाए और शिकायत पर उन्हें संरक्षण मिले.
यदि जांच में शिक्षक पर लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं तो मामला महज अनुशासन का नहीं, बल्कि एक बच्चे की शिकायत को कथित तौर पर गंभीरता से न लेने का भी होगा. 13 साल की बच्ची के आखिरी शब्द अब जांच के साथ-साथ इस सवाल को भी सामने ला रहे हैं कि जब वह मदद मांग रही थी, तब उसकी आवाज कितनी गंभीरता से सुनी गई.
पेपर विवाद, मारपीट और छात्रा की मौत… हरदोई के स्कूल में क्षमा के साथ क्या हुआ उस दिन? जानें पूरी कहानी
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,