यूपी – जनकपुरी महोत्सव 2026: हाईटेक होगा कंट्रोल रूम, एंबुलेंस के लिए बनेगा ग्रीन कॉरिडोर; जानें कब निकलेगी राम बरात – INA

श्रीरामलीला महोत्सव में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए जनकपुरी में एकीकृत कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इसके साथ ही आपात स्थिति में एंबुलेंस के निर्बाध आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष व विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की मौजूदगी व जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में ये फैसले लिए गए।

जिलाधिकारी ने जनकपुरी में एक एकीकृत कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा जिसमें नगर निगम, स्वास्थ्य, पुलिस, विद्युत, टोरेंट और अग्निशमन सहित सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी तैनात रहेंगे। महोत्सव के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं को चाक-चौबंद रखने के लिए चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस तैनात रहेंगी।

इसके अलावा लटकते बिजली-इंटरनेट के तारों को हटाने, सड़कों के गड्ढे भरने, जर्जर भवनों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और प्रतिदिन एंटी-लार्वा का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य, डीएफओ राजेश कुमार, प्रभारी सीएमओ डॉ. अमित रावत व अन्य माैजूद रहे।

छह अक्तूबर को निकलेगी राम बरात

पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 25 सितंबर को मुकुट पूजन से होगा। 6 अक्तूबर को प्रभु श्रीराम की भव्य बरात निकाली जाएगी जिसमें 200 से अधिक झांकियां, अखाड़े और बैंड शामिल होंगे। इस बार गोवर्धन महाराज की विशेष झांकी और सामाजिक सरोकारों का संदेश प्रमुख आकर्षण रहेगा। 7 से 9 अक्तूबर तक सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट रोड पर जनकपुरी सजेगी और 20 अक्तूबर को दशहरे पर रावण वध होगा।


Credit By Amar Ujala

Back to top button