खबर शहर , Agra News: जेबीपीएल अंडर-17 क्रिकेट टूर्नामेंट 22 से, 15 को होगा ऑक्शन – INA

आगरा। युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से जेबीपीएल अंडर-17 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 22 सितंबर से जेबी क्रिकेट ग्राउंड, बमरौली कटारा पर होगा। इससे पहले 15 सितंबर को फतेहाबाद रोड स्थित होटल में खिलाड़ियों का ऑक्शन आयोजित किया जाएगा।
जेबी स्पोर्ट्स हब की ओर से होने वाली प्रतियोगिता में आगरा सहित विभिन्न शहरों की 10 टीमें और करीब 130 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। आगरा की पांच टीमें स्थानीय खिलाड़ियों के ऑक्शन से तैयार होंगी, जबकि पांच बाहरी टीमें सीधे प्रवेश लेंगी। दिल्ली, कासगंज, एटा और मुरैना की टीमें शामिल होंगी। ऑक्शन में वास्तविक धनराशि के बजाय वर्चुअल मनी का इस्तेमाल होगा। स्थानीय खिलाड़ियों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 सितंबर है।
सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज और क्षेत्ररक्षक को प्रीमियम साइकिल, मैन ऑफ द सीरीज को टैबलेट या थिंक पैड दिया जाएगा। विजेता को 10 हजार और उपविजेता को पांच हजार रुपये मूल्य का पुरस्कार मिलेगा। टूर्नामेंट प्रमुख सत्येंद्र सिंह राना ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रोफेशनल अंपायरिंग, लाइव स्कोरिंग, कमेंट्री, वीडियो और लाइव प्रसारण जैसी सुविधाएं भी रहेंगी।