खबर शहर , Agra News: नदी का किनारा पकड़ने लगे घड़ियाल, मगरमच्छ…खादर में आने का अंदेशा – INA

बाह। चंबल में आए उफान एवं तेज बहाव के चलते मगरमच्छ और घड़ियाल नदी का किनारा पकड़ने लगे हैं। इससे मगरमच्छ और घड़ियाल के निचले इलाके के कच्चे रास्ते एवं खादर में उफान के पानी के साथ आने का अंदेशा है। नदी में उफान के चलते वन्य जीव तेंदुआ, लकड़बग्घा आदि भी ऊंचाई वाले इलाकों का रुख कर सकते हैं। वन विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
बाह के रेंजर कुलदीप सहाय पंकज ने बताया कि चंबल के उफान के मद्देनजर राजस्थान से लगे रेहा से लेकर इटावा से जुड़े उदयपुर खुर्द तक 38 गांवों के लोगों को नदी और बीहड़ क्षेत्र में जाने से बचने के लिए सतर्क किया गया है। क्षेत्र में पहले से बनी 60 वन समितियों को मानव एवं वन्यजीव संघर्ष टालने को लेकर सक्रिय किया गया है।
चंबल नदी के किनारे के बीहड़ में पशु चराने के लिए न ले जाने की ग्रामीणों को हिदायत दी गई है। उफान के पानी के साथ खादर में घड़ियाल, मगरमच्छ के आने का अंदेशा रहता है। ग्रामीणों को नदी और बीहड़ क्षेत्र में न जाने को सतर्क किया गया है, जलीय या वन्यजीव आबादी क्षेत्र में दिखने पर वन विभाग को सूचना देने को जागरूक किया गया है। – कुलदीप सहाय पंकज, वन क्षेत्र अधिकारी, चंबल सेंक्चुअरी रेंज, बाह