खबर शहर , Agra News: कछपुरा मंदिर में मूर्तियों से छेड़छाड़ पर बवाल, दो युवक हिरासत में – INA

आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के कछपुरा में रविवार को करीब 40 साल पुराने मंदिर में दो युवकों पर देव मूर्तियों के साथ आपत्तिजनक कृत्य करने और उन्हें क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया गया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि युवकों ने हनुमान मूर्ति को अपवित्र किया और शिव परिवार की मूर्तियों को खिसकाकर क्षतिग्रस्त किया। विरोध करने पर महंत की बेटियों से अभद्रता की गई।

वहीं शोर सुनकर जुटे लोगों ने दोनों युवकों की पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, किसी भी मूर्ति के खंडित या क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि नहीं हुई है। मंदिर में कुछ मूर्तियां अपने निर्धारित स्थान से हटी पाई गईं लेकिन सभी सुरक्षित और अखंड थीं। महंत हकीम सिंह ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और हिंदूवादी संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए। उन्होंने करीब एक घंटे तक हंगामा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान केशव कुशवाहा, दीपक परमार, हर्ष चौहान, हिमांशु शर्मा, आदित्य शर्मा, दीपक वर्मा, अंकित, सोनू समेत बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।



Credit By Amar Ujala

Back to top button