खबर शहर , Agra News: सोनवीर ने जीती 2.5 किमी ओपन रेस – INA

फतेहपुर सीकरी। पाली गांव में रविवार को बारिश के बावजूद 2.5 किलोमीटर ओपन रेस प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। आसपास के गांवों से पहुंचे युवाओं ने पूरे जोश के साथ दौड़ में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता का आयोजन बिल्ड फॉर सक्सेस संस्था की पहल पर आयोजक सुनील प्रधान के नेतृत्व में किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उन्हें नशे व सोशल मीडिया के दुष्परिणामों से दूर रखना था।
प्रतियोगिता में आगरा के सोनवीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इकराम नगर के विशाल ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उत्साह को बढ़ाया गया। बिल्ड फॉर सक्सेस संस्था के चेयरमैन विश्वेंद्र शर्मा की ओर से पाली गांव के युवाओं को वॉलीबाल किट भी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में शिशु प्रधान कराही, दामोदर ओझा, मोनू, अजय, गौरव और जिंदल उपस्थित रहे।