खबर शहर , अमर उजाला इंपैक्ट : अवैध कब्जा हटवा कर निकलवाया रास्ता – INA

बाह। जैतपुर के गढ़वार गांव में बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार सुधीर गिरी के नेतृत्व में राजस्व टीम ने गढ़वार गांव में अवैध कब्जा हटवाकर जेसीबी और ट्रैक्टर चलवा कर रास्ता निकलवाया है। अमर उजाला ने 30 अगस्त के अंक में गोली चल रही है, एक मर गया है….. शीर्षित खबर के जरिये चकमार्ग पर कब्जे के विवाद को उजागर किया।
जैतपुर के गढ़वार गांव में चकमार्ग पर कब्जे के विवाद में 29 अगस्त को बलवीर सिंह तोमर एवं पूर्व प्रधान धर्म सिंह पक्ष के बीच टकराव हो गया। चकमार्ग जोते जाने के प्रकरण में गोली चलने की सूचना पर गढ़वार गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। जैतपुर पुलिस ने चकमार्ग को जोत रहे ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर सीज किया। मौके से बलवीर सिंह के भतीजे मोहित, धर्म सिंह के बेटे हाकिम सिंह, संजय सिंह को गिरफ्तार कर पुलिस ने शांतिभंग में पाबंद किया। दोनों पक्षों में चकमार्ग को लेकर तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
एसओ जैतपुर ने चकमार्ग के विवाद को सुलझाने के लिए बाह के एसडीएम विनोद कुमार को रिपोर्ट भेजी। जिस पर एसडीएम ने नायब तहसीलदार सुधीर गिरी के नेतृत्व में राजस्व टीम का गठन किया। सुधीर गिरी ने बताया कि चक मार्ग की पैमाइश कर कब्जे को हटवाया है। दोबारा से कब्जा किए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। मौके पर जेसीबी और ट्रैक्टर मंगा कर रास्ते को निकलवाया है। इस दौरान राजस्व निरीक्षक रामशरन तोमर, लेखपाल रामदास शर्मा, राहुल, प्रवेश आदि मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि गढ़वार में ही कब्जे की शिकायत पर दूसरे चकमार्ग की पैमाइश कर रास्ता साफ कराया गया।