खबर शहर , Agra News: आगरा मंडल के विकास और अंजली बने ऑलराउंड चैंपियन – INA

आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 70वीं उत्तर प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय अंडर-14, 17 व 19 वर्ष बालक-बालिका जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का समापन बृहस्पतिवार को पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। अंतिम दिन अंडर-19 वर्ग के रोमांचक मुकाबलों में आगरा मंडल के विकास यादव ने बालक और अंजली ने बालिका वर्ग की ऑलराउंड चैंपियनशिप अपने नाम की।
प्रतियोगिता में प्रदेश के 10 मंडलों और स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर के 300 से अधिक खिलाड़ियों व अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। अंडर-19 बालक उपकरण फाइनल में फ्लोर एक्सरसाइज में महेश पाल प्रथम, विकास यादव द्वितीय और अमित तृतीय रहे। पॉमेल हॉर्स में विकास ने स्वर्ण, प्रियांशु ने रजत और महेश ने कांस्य जीता। रिंग्स में प्रियांशु, साहिल और अक्षय राज निषाद क्रमशः पहले तीन स्थानों पर रहे।
टेबल वॉल्ट में प्रियांशु, शाश्वत और विकास, समानांतर बार में विकास, साहिल और कृष्णा, क्षैतिज बार में विकास, प्रियांशु और अमित ने पदक जीते। टीम चैंपियनशिप में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर प्रथम, आगरा द्वितीय और लखनऊ तृतीय रहा। ऑलराउंड में विकास यादव प्रथम, प्रियांशु यादव द्वितीय और महेश पाल तृतीय रहे।
बालिका वर्ग में टेबल वॉल्ट में अंजली, आरशी और पूनम, असमानांतर बार में अनन्या चाहर, अंजली और पूनम, बैलेंसिंग बीम में पूनम, अंजली और खुशी व फ्लोर एक्सरसाइज में अंजली, अनन्या और पूनम ने पदक हासिल किए। टीम चैंपियनशिप में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर ने पहला, आगरा ने दूसरा और सहारनपुर ने तीसरा स्थान पाया। ऑलराउंड में अंजली चैंपियन, पूनम उपविजेता और अनन्या चाहर तीसरे स्थान पर रहीं।
पुरस्कार वितरण में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, सेवानिवृत्त क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अजय कुमार सेठी, विश्वेंद्र सिंह ने विजेताओं को स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक व ट्रॉफियां प्रदान कीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्राओं ने स्वागत गीत, राजस्थानी नृत्य और श्रीकृष्ण भक्ति नृत्य प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता का संचालन डॉ. रीनेश मित्तल व डॉ. प्रिया मिश्रा ने किया। इस दौरान मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक राकेश कुमार, विश्व प्रताप सिंह, वीरेंद्र सिंह, अंजना चौहान, पंकज शर्मा, राम प्रवेश दुबे, विश्व प्रताप सिंह, राकेश कुमार, डॉ. अनिल वशिष्ठ आदि मौजूद रहे।