खबर शहर , घर बैठे करें पढ़ाई: आगरा विवि ने शुरू किए 8 डिजिटल डिग्री प्रोग्राम, बीबीए, बीसीए, एमबीए और एमसीए भी कर सकेंगे – INA

 डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने उच्च शिक्षा को सुलभ बनाने के लिए आठ ऑनलाइन डिग्री पाठ्यक्रमों की शुरुआत की है। बृहस्पतिवार को स्वामी विवेकानंद परिसर स्थित दाऊ शिक्षण संस्थान परिसर में कोर्सों का पोस्टर विमोचन किया गया। विश्वविद्यालय के इस कदम से कामकाजी पेशेवरों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले छात्रों को बिना परिसर आए डिग्री हासिल करने का अवसर मिलेगा।

विश्वविद्यालय के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर आठ नए ऑनलाइन पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। इनमें स्नातक स्तर पर बीबीए, बीसीए, बीकॉम के साथ स्नातकोत्तर स्तर पर एमबीए, एमसीए, एमकॉम, एमए. (समाजशास्त्र) और एमबीए (ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट) शामिल हैं। इन कोर्सों का सबसे ज्यादा फायदा उन युवाओं और पेशेवरों को मिलेगा जो विभिन्न कारणों से नियमित कक्षाएं नहीं ले पाते।

कुलपति प्रो. आशु रानी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को हर वर्ग तक पहुंचाना है। सीडीओई के निदेशक प्रो. शरद उपाध्याय ने बताया कि परियोजना में टीमलीज एडटेक विश्वविद्यालय, तकनीकी भागीदार के रूप में सहयोग कर रहा है। 

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button