यूपी – अमरोहा में 24 घंटे में दो हत्याएं: दीपपुर के जंगल में युवक का अधजला और लहुलुहान शव मिला, बाइक को भी जलाया – INA

हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव दीपपुर के जंगल में रविवार सुबह गन्ने के खेत में युवक का लहुलुहान और अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव किसान सोविन्दर के ट्यूबवेल के पास मिला।
युवक की हत्या करने के बाद हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव और उसकी मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया। अभी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है।
मौके के हालात से प्रतीत हो रहा है कि युवक को करीब पांच मीटर तक घसीटा गया था। आशंका है कि शव और बाइक में आग लगाने के लिए पास से गुजर रहे बिजली के तारों का इस्तेमाल किया गया।
घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून, मोबाइल की डेटा केबल और देसी शराब का खाली पव्वा मिला है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि खेत में युवक का शव और बाइक मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
इससे एक दिन पहले आदमपुर थाना क्षेत्र के कोकापुर के मड़ैया निवासी किसान जोगेंद्र (28) की हत्या कर दी गई थी। उनका शव थाना क्षेत्र के गांव ओगारपुर के जंगल में मिला। उनके शरीर, गर्दन और चेहरे पर चोट के गंभीर निशान मिले। वह शुक्रवार शाम से लापता थे।