खबर शहर , यूपी: आगरा एफएसएल के पास बनेगा एकीकृत पुलिस मुख्यालय, एक छत के नीचे होंगे पुलिस, एटीएस और साइबर थाना – INA

आगरा में एकीकृत पुलिस मुख्यालय के नए भवन को बनाने का प्रस्ताव पास हो गया है। सर्किट हाउस स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला के पास खाली जमीन पर 67 करोड़ खर्च कर 6 मंजिला भवन बनेगा। पहले चरण में 23.72 करोड़ रुपये मिलेंगे।

पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि कमिश्नरेट के एकीकृत कार्यालय के लिए शासन को 73.30 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने 67.72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें एडीजी जोन और आईजी रेंज के कार्यालय शामिल किए गए हैं। एक ही छत के नीचे अधिकारियों के कार्यालय के साथ ही विधि विज्ञान प्रयोगशाला, एटीएस, साइबर थाना, फील्ड यूनिट के कार्यालय भी प्रस्ताव हैं।

कार्यालय के पास ही आवास बनेंगे। शिकायत लेकर आने वालों के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था होगी। लिफ्ट की सुविधा भी मिलेगी। दिव्यांगों के लिए रैंप भी होगी। अधिकारियों के लिए मीटिंग हाल भी होंगे। इसके लिए एडीए से नक्शा स्वीकृत कराया जाएगा। 17 माह भवन निर्माण की समय सीमा रखी गई है। इससे जनता को एक ही छत के नीचे अधिकारियों के कार्यालय मिल जाएंगे।

नवंबर 2022 में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था आगरा में लागू हुई। सबसे पहले पुलिस आयुक्त का कार्यालय पुलिस लाइन में बना था। बाद में इसे यातायात लाइन में पहली मंजिल पर शिफ्ट कर दिया गया। पुलिस लाइन में जहां पर पुलिस आयुक्त का कार्यालय था, वहां पर अपर पुलिस आयुक्त का कार्यालय बना दिया गया। नए भवन में जाने के बाद अन्य कार्यालय भी एक ही जगह लाने की योजना है। इसके साथ ही विधि विज्ञान प्रयोगशाला के पास ही चल रहे एटीएस के कार्यालय को भी नए भवन में लाया जा सकता है।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button