UP News: 14 करोड़ का सोना और 15 लाख कैश लेकर हुआ फरार, मथुरा में ज्वैलर्स की दुकान में चोरी से हड़कंप… पुलिस चौकी से 100 मीटर थी दूरी – INA

Mathura Jewellery Shop Theft: उत्तर प्रदेश में मथुरा के कोसीकलां के सराफा बाजार में जुगल किशोर अमित कुमार ज्वैलर्स की दुकान में हुई करोड़ों की चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. शातिर चोर दुकान से करीब 10 किलो सोने के आभूषण और 15 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया. एक किलो 24 कैरेट सोने की कीमत वर्तमान के बाजार में 1.4 करोड़ रुपये है. हैरानी की बात यह है कि दुकान से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर पुलिस पिकेट तैनात रहती है.
वारदात के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने मंगलवार शाम तक खुलासा न होने पर बाजार बंद रखने की चेतावनी दी है. भरत मिलाप चौक के पास सराफा बाजार में जुगल किशोर अमित कुमार की ज्वैलरी की दुकान है. रविवार शाम करीब सात बजे जुगल किशोर के बेटे वरुण दुकान बंद कर बलदेव गंज स्थित अपने घर चले गए थे.
चोर ने चाबी से तिजोरी खोली और माल लेकर फरार
सोमवार सुबह जब वरुण दुकान खोलकर अंदर पहुंचे तो एक कमरे का ताला जला हुआ मिला. संदेह होने पर उन्होंने स्ट्रांग रूम की जांच की तो तिजोरी से करीब 10 किलो सोने के आभूषण और 15 लाख रुपये नकद गायब मिले. तिजोरी पर किसी तरह के तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले हैं. इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर ने चाबी से तिजोरी खोली और माल लेकर फरार हो गया.
पुलिस जांच में सामने आया है कि चोर पीछे के रास्ते से छत पर पहुंचा और वहां लगा जाल काटकर दुकान के अंदर दाखिल हुआ. इसके बाद स्ट्रांग रूम के बाहर लगे कमरे का ताला तोड़कर वह अंदर पहुंचा. चोर की शातिराना हरकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने स्ट्रांग रूम में रखे चांदी के आभूषण, पीतल के बर्तन और सोने की पानी चढ़ी ज्वैलरी को हाथ तक नहीं लगाया.
दुकान में लगा DVR भी ले गया
चोर ने केवल असली सोने के आभूषण और नकदी को निशाना बनाया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक चोर रात करीब 10 बजे दुकान में दाखिल हुआ और सुबह करीब 5 बजे बाहर निकला. यानी वह लगभग सात घंटे तक दुकान के अंदर मौजूद रहा और बेहद इत्मीनान से वारदात को अंजाम देता रहा. चोर को अंदेशा था कि दुकान में लगे CCTV कैमरों में उसकी गतिविधियां कैद हो सकती हैं. इसी वजह से वह दुकान में लगा DVR भी अपने साथ ले गया, ताकि पुलिस को फुटेज से उसकी पहचान न हो सके.
हालांकि आसपास लगे दूसरे CCTV कैमरों की फुटेज पुलिस खंगाल रही है. एक नजदीकी CCTV कैमरे में कंधे पर बैग लटकाए एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया है. पुलिस अब उसकी पहचान और आने-जाने के रास्ते की जांच में जुटी है. कोसीकलां राजस्थान और हरियाणा की सीमा से लगा संवेदनशील शहर है. ऐसे में सराफा बाजार में पुलिस पिकेट से महज करीब 100 मीटर दूर इतनी बड़ी चोरी की वारदात होने से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. व्यापारी भी इस घटना को लेकर बेहद नाराज हैं.
खुलासे के लिए चार टीमें गठित
SSP श्लोक कुमार ने वारदात के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की हैं. टीमें मौके से इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाने के साथ संदिग्धों की तलाश में लगी हैं. फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की मदद भी ली जा रही है.वारदात की जानकारी मिलने के बाद SSP श्लोक कुमार मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को जल्द खुलासे का भरोसा दिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए DIG शैलेश पांडे भी रात में कोसी पहुंचे.
उन्होंने SSP के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. DIG ने दुकान की छत, अंदर के कमरों और आसपास के बाजार का जायजा लिया और उन सभी स्थानों को देखा, जहां से चोर के आने-जाने की संभावना है. इसके बाद उन्होंने पुलिस टीमों के साथ बैठक कर वारदात के जल्द खुलासे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
व्यापारियों ने पुलिस को दिया ये अल्टीमेटम
करोड़ों की चोरी से आक्रोशित कोसी के व्यापारियों ने पुलिस को अल्टीमेटम दिया है. व्यापारियों का कहना है कि अगर मंगलवार शाम तक चोरी की वारदात का खुलासा नहीं हुआ, तो शहर के व्यापारी अपनी दुकानें नहीं खोलेंगे. फिलहाल पुलिस की चार टीमें संदिग्धों की तलाश और CCTV फुटेज समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच में जुटी हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि चोर को दुकान और तिजोरी में रखे असली सोने की सटीक जानकारी कैसे थी और आखिर चाबी उसके हाथ कैसे लगी?
घटनास्थल का जायजा लेने के बाद DIG आगरा रेंज शैलेश पांडेय ने बताया कि इस बड़ी चोरी का त्वरित खुलासा करने के लिए पुलिस की 10 विशेष टीमों को लगाया गया है. ये टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर काम कर रही हैं, जिनमें सर्विलांस, एसओजी स्वाट और स्थानीय पुलिस बल शामिल हैं.DIG शैलेश पांडेय ने आश्वस्त करते हुए कहा, “पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है. साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही शातिर चोरों को करोड़ों के चोरी गए माल के साथ गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
ये भी पढ़ें: चलो कुरकुरे दिलाएंगे प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से बच्ची का अपहरण, फिर कमरे में ले जाकर रेप, 6 दिन बाद दरिंदा अरेस्ट
14 करोड़ का सोना और 15 लाख कैश लेकर हुआ फरार, मथुरा में ज्वैलर्स की दुकान में चोरी से हड़कंप… पुलिस चौकी से 100 मीटर थी दूरी
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,