खबर शहर , लाल से नीली हुई सपा की ड्रेस: अखिलेश की इस रणनीति के पीछे आखिर क्या है दांव, छात्रसभा को मिला ये नया टारगेट – INA

समाजवादी पार्टी छात्रसभा के कार्यकर्ता अब नीली टी-शर्ट और पैंट की नई वर्दी में सियासी मैदान में उतर गए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर मंगलवार को फतेहाबाद रोड स्थित कार्यालय पर छात्र नौजवान पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) जागरूकता एवं सदस्यता अभियान का शुभारंभ हुआ।

इस दौरान कार्यकर्ताओं को नई ड्रेस वितरित की गई। उन्हें सामाजिक न्याय और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई तेज करने का संकल्प दिलाया गया। छात्रसभा के महानगर अध्यक्ष अमित प्रताप यादव ने कहा कि नीली ड्रेस में कार्यकर्ता अब हर कॉलेज और परिसर तक पहुंचेंगे। इसका मकसद सिर्फ सदस्य बनाना नहीं, बल्कि युवाओं को उनके अधिकारों की लड़ाई से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि छात्रसभा पेपर लीक, बेरोजगारी, फीस वृद्धि, छात्रसंघ बहाली और आरक्षण में पारदर्शिता जैसे ज्वलंत मुद्दों पर निर्णायक संघर्ष करेगी। सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास और जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह नीली ड्रेस महज वर्दी नहीं, बल्कि पीडीए की विचारधारा का सियासी प्रतीक है। सपा का युवा कार्यकर्ता अब शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सम्मान के सवालों पर मजबूती से मैदान में उतरेगा और पीडीए की ताकत को गांव-गांव तक पहुंचाएगा। इस मौके पर पुष्पेंद्र शर्मा, संतोष पाल बघेल, विनय अग्रवाल, पवन प्रजापति, मोहित यादव, ललित जाटव और तेज प्रताप सिकरवार आदि मौजूद रहे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button