हंडिया में सपा के जिला सचिव पवन यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। चारों आरोपी गांव के ही बताए जा रहे हैं। एक आरोपी गांव के प्रधान का पति भी बताया जा रहा है। जांच में पता चल रहा है कि हिस्ट्रीशीटर लल्ला यादव ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पवन यादव को गोली मारी थी। जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला हंडिया थाना क्षेत्र के मुगरांव का ही रहने वाला है। उसके खिलाफ जिले के कई थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट सहित कई संगीन धाराओं में दर्जनभर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार गोली लल्ला ने ही चलाई थी।
बाइक पर उसके साथ गांव के ही निहाल अली और बृजेश यादव बताए जा रहे हैं। आरोपियों के कब्जे बाइक और हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले का खुलासा बुधवार शाम तक कर सकती है। बुधवार सुबह से ही एसआरएन अस्पताल परिसर में स्थित पोस्टमार्टम हाउस में हंडिया, सिविल लाइंस समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रही। साथ ही बड़ी संख्या में सपा नेता और हंडिया क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चौथा आरोपी गांव की महिला प्रधान का पति विनोद यादव बताया जा रहा है। इससे भी पवन यादव की रंजिश चल रही थी।
मूल रूप से भदोही का रहने वाला है लल्ला
पुलिस जांच में सामने आया कि मूलरूप से भदोही निवासी जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला से पवन यादव की पुरानी रंजिश थी। जितेंद्र वर्ष 2022 में हत्या के एक मामले में जेल गया था। जितेंद्र को पवन पर उसकी मुखबरी करने का संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। वारदात के समय बाइक सवार तीन बदमाशों में से एक का हुलिया जितेंद्र यादव से मिलता-जुलता बताए जाने के बाद पुलिस का शक इस दिशा में भी गया है।