खबर शहर , यूपी: बीमार पति के इलाज के लिए महिला ने गिरवी रखे जेवर, सुनार ने बेच डाले; पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ केस – INA

आगरा में एक महिला ने पति के इलाज के लिए अपने सोने-चांदी के गहने दो लाख रुपये में गिरवी रखे थे। आरोप है कि सोने के दाम बढ़ने पर सराफ और उसके जीजा की नीयत बदल गई। उन्होंने महिला के गहने बेच दिए और धमकी दी। महिला ने आरोपियों के खिलाफ छत्ता थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

बेलनगंज के गुदड़ी मंसूर खां, पंजा मदरसा निवासी गुड़िया वर्ष 2023 में गहने गिरवी रखने के लिए अपनी बहन के साथ अमन ज्वेलर्स गईं थीं। वहां सराफ अमन और उसके जीजा राहुल वर्मा ने गहने दो लाख रुपये में गिरवी रख लिए। आरोप है कि रुपये लौटाने पर भी अमन और राहुल छह महीने तक गहने वापस करने में टालमटोल करते रहे। एक सितंबर 2026 को राहुल ने गुड़िया को बताया कि सोने के भाव बढ़ने के कारण वे गहने बेच चुके हैं।

महिला ने दो लाख रुपये लौटाने को कहा तो आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार, वर्तमान में उनके गहनों की कीमत 14 लाख रुपये से ज्यादा है।

महिला ने पहले थाने में शिकायत की, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस आयुक्त से शिकायत कर कार्रवाई और गहने वापस दिलाने की मांग की है। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button