खबर शहर , त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग में ताबड़तोड़ फायरिंग: पुलिस चाैकी के पास गोलियां चलने से फैल गई थी दहशत, सात पर एफआईआर – INA

आगरा के न्यू आगरा स्थित दयालबाग सौ फुटा रोड पर शुक्रवार रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पीड़ित निखिल चौधरी की तहरीर पर दो नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शुरुआती जांच में यह विवाद त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।

यह घटना पुलिस चौकी से थोड़ी ही दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। प्राथमिकी के मुताबिक, शुक्रवार रात नौ बजे के करीब युवकों ने निखिल चौधरी और उनके दोस्तों गौतम तोमर व शुभम गौतम पर तमंचे से कई राउंड फायर किए थे। आरोपी भीड़ जुटती देख मौके से भाग गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पीड़ितों से पहले से परिचित थे और एक युवती से मित्रता को लेकर विवाद हुआ था। 

क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि पुलिस चौकी होने के बावजूद इलाके में गश्त नहीं होती। उनका कहना है कि सौ फुटा रोड पर खुले में शराब परोसने वाले स्थानों के साथ चौपाटी भी बन गई है, जिससे युवाओं का जमावड़ा आए दिन विवादों का कारण बनता है।

पूर्व की घटनाओं से नहीं लिया सबक

क्षेत्र में पहले भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं। 12 सितंबर 2026 की रात केशव मंदिर के पास राहगीर अमित कुमार को गोली मारी गई थी, जिसमें राहुल बघेल और सौरभ चौधरी आरोपी थे। 6 दिसंबर 2025 की शाम केक हाउस के पास एक युवक की पिटाई कर उसका पैर तोड़ा गया था, जिसमें ओम ठाकुर उर्फ ओम सविता को गिरफ्तार किया गया था। 25 जून 2023 को दयालबाग में कल्याणी हाइट्स के पीछे यमुना किनारे फायरिंग के मामले में आलोक यादव को आजीवन कारावास और तीन लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई थी।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button