UP News: वृंदावन में साधु पर शोषण के आरोप, महिलाओं ने जाल बिछाकर बुलाया और फिर जमकर पीटा – INA

Mathura News: मथुरा के वृंदावन में राजस्थान के रहने वाले एक साधु भेषधारी व्यक्ति पर मध्य प्रदेश की महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं. महिलाओं का आरोप है कि आरोपी अपने प्रभाव में लेकर उनका शोषण करता था. विरोध करने पर मारपीट करता था. पीड़िताओं ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और उसे वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित एक गेस्ट हाउस में बुलाया. वहां पहुंचते ही कई महिलाओं ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
चित्तौड़गढ़ के मंदिर में हुई थी आरोपी से मुलाकात
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, भोपाल की रहने वाली एक युवती की मुलाकात राजस्थान के सवाई माधोपुर निवासी हिम्मत गिरी उर्फ हेमंत राज मीणा से चित्तौड़गढ़ स्थित एक देवी मंदिर में हुई थी. महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे अपने प्रभाव में लिया और बाद में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की गई. इस मामले में चित्तौड़गढ़ में शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई है.
ये भी पढ़ें- अस्पताल में घुसी अज्ञात महिला, पिता से बोली- मैं टीका लगवा देती हूं फिर नवजात लेकर फरार
आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
पीड़िता ने आरोपी पर महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाने का भी आरोप लगाया है. महिला का दावा है कि आरोपी बाद में इन वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करता था. बदनामी के डर से कई महिलाएं उसके खिलाफ शिकायत नहीं कर पाती थीं. हालांकि, ये सभी आरोप फिलहाल महिलाओं की शिकायत और बयानों पर आधारित हैं. पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी.
महिलाओं ने बनाया आरोपी को पकड़ने का प्लान
आरोपी को पकड़ने के लिए पीड़ित महिलाओं ने विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कुछ लोगों की मदद ली. इसके बाद योजना बनाकर आरोपी को वृंदावन बुलाया गया. उसे चैतन्य विहार स्थित एक गेस्ट हाउस में आने के लिए कहा गया. बताया जा रहा कि जैसे ही आरोपी गेस्ट हाउस पहुंचा, वहां पहले से मौजूद कई महिलाओं ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद महिलाओं और आरोपी के बीच विवाद शुरू हो गया.
कमरे में महिलाओं ने की मारपीट
आरोपी को पकड़ने के बाद महिलाओं ने उसके साथ मारपीट की. घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ महिलाएं एक व्यक्ति को घेरकर उसके साथ मारपीट करती दिखाई दे रही हैं. महिलाएं आरोपी को कमरे से बाहर खींचकर ले जाती हुई भी नजर आ रही हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस उसे थाने लेकर गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
वृंदावन कोतवाली में तैनात इंस्पेक्टर क्राइम धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक, एक महिला की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है. शिकायतकर्ता मध्य प्रदेश की रहने वाली है, जबकि आरोपी राजस्थान का निवासी बताया गया है. पुलिस का कहना है कि तहरीर में लगाए गए आरोपों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है. महिलाओं की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों की भी पुलिस पड़ताल कर रही है.
वृंदावन में साधु पर शोषण के आरोप, महिलाओं ने जाल बिछाकर बुलाया और फिर जमकर पीटा
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,