Sports- सुरुचि इंदर सिंह की कहानी: पिता ने पहलवान बनाने का सपना देखा, चोट ने बदली राह; 13 साल की उम्र में थामी पिस्टल -#INA

हरियाणा के झज्जर जिले के सासरौली गांव की सुरुचि सिंह इंदर की कहानी उस लड़की की कहानी है, जिसने एक खेल का सपना टूटने के बाद दूसरा खेल चुना और देखते ही देखते दुनिया के सबसे बड़े मंचों पर भारत का नाम रोशन करने लगी। सुरुचि ने शूटिंग की 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में कमलजीत सिंह के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सुरुचि के पिता हवलदार इंदर सिंह फोगाट चाहते थे कि उनकी बेटी कुश्ती खेले। परिवार में पहले से ही खेल की परंपरा थी। इंदर सिंह अपने चचेरे भाई वीरेंद्र सिंह से प्रभावित थे, जो मूक-बधिर पहलवान और डेफलंपिक्स के स्वर्ण पदक विजेता रहे हैं।
इसी वजह से उन्होंने बेटी को भी अखाड़े में उतारने का फैसला किया, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था। सिर्फ तीन महीने की कुश्ती ट्रेनिंग के बाद सुरुचि को कॉलरबोन में गंभीर चोट लग गई। अखाड़े में वापसी जोखिम भरी थी और उन्हें कुश्ती छोड़नी पड़ी। जिस उम्र में खेल का पहला सपना आकार लेता है, उसी उम्र में सुरुचि को उसे छोड़ना पड़ा, लेकिन यहीं से उनकी जिंदगी की दूसरी कहानी शुरू हुई।