खबर शहर , Agra News: हेमलता कोच, प्रीति कमेंटेटर और शेखर उपकप्तानी में दिखा रहे प्रतिभा – INA

आगरा। ताजनगरी का क्रिकेट अब सिर्फ मैदान पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहा है। देहरादून में चल रहे उत्तराखंड टी-20 लीग के तीसरे सीजन में आगरा का रंग मैदान से लेकर कोचिंग और कमेंट्री बॉक्स तक दिखाई दे रहा है। भारतीय महिला टीम की पूर्व क्रिकेटर हेमलता काला उत्तराखंड सीनियर टीम की कोच की भूमिका निभा रही हैं, जबकि पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रीति डिमरी कमेंट्री बॉक्स से मुकाबलों का रोमांच बढ़ा रही हैं। वहीं आगरा के क्रिकेटर शेखर सिरोही को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।
भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकीं आगरा की हेमलता काला अब कोचिंग के जरिए अपने क्रिकेट अनुभव को . बढ़ा रही हैं। हेमलता का क्रिकेट सफर आगरा के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्होंने खिलाड़ी के रूप में भारतीय क्रिकेट में पहचान बनाने के बाद कोचिंग के क्षेत्र में भी अपनी जगह बनाई है।
वहीं, आगरा की पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रीति डिमरी भी क्रिकेट से लगातार जुड़ी हुई हैं। उत्तराखंड टी-20 लीग के मौजूदा सीजन में वह कमेंटेटर की भूमिका निभा रही हैं। मैदान पर भारतीय क्रिकेट का अनुभव हासिल करने के बाद अब वह अपनी समझ और विश्लेषण के जरिए दर्शकों तक मुकाबलों की कहानी पहुंचा रही हैं।
आगरा के क्रिकेटर शेखर सिरोही के लिए भी उत्तराखंड टी-20 लीग का यह सीजन खास है। उन्हें टीम का उपकप्तान बनाया गया है। ऐसे में उनके सामने व्यक्तिगत प्रदर्शन के साथ टीम के भीतर नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाने की चुनौती भी है। देहरादून में चल रहे मुकाबलों में शेखर की बल्लेबाजी और टीम में उनकी नेतृत्वकारी भूमिका पर आगरा के क्रिकेट प्रेमियों की नजर बनी हुई है।