खबर शहर , Agra News: पारस ने पिछले विजेता को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह – INA

आगरा। आगरा के पारस गुप्ता ने पिछले साल के विजेता अलीगढ़ के मोहम्मद अरबाज को एकतरफा मुकाबले में हराकर राजा रामकुमार भार्गव स्मृति यूपी स्टेट 15 रेड स्नूकर चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पारस ने मुकाबले में 69 अंक का ब्रेक भी लगाया। मेरठ के शाहजेब सैफी, लखनऊ के आयुष मित्तल और प्रयागराज के विनायक अग्रवाल ने भी क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई।

फतेहाबाद रोड स्थित होटल मेपल रिज में आयोजित प्रतियोगिता में रविवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। पारस ने मोहम्मद अरबाज को सर्वश्रेष्ठ सात फ्रेम के मुकाबले में 4-0 से हराया। उन्होंने 75-6, 83-41, 88-20 और 91-21 के स्कोर से जीत दर्ज की।

दूसरे क्वार्टर फाइनल में मेरठ के शाहजेब सैफी ने लखनऊ के अक्षय कुमार को 4-3 से पराजित किया। शाहजेब ने 47-72, 70-37, 58-62, 60-10, 26-72, 68-13 और 70-15 के स्कोर से मुकाबला अपने नाम किया। तीसरे मुकाबले में लखनऊ के आयुष मित्तल ने रामपुर के महफज अंजुम को 4-3 से हराया। आयुष ने 76-23, 50-72, 75-41, 68-47, 29-66, 31-52 और 69-33 से जीत हासिल की। चौथे क्वार्टर फाइनल में प्रयागराज के विनायक अग्रवाल ने कानपुर के जैब नदीम को 4-0 से शिकस्त दी। विनायक ने 74-14, 51-33, 56-47 और 54-23 के स्कोर से मुकाबला जीता।

मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका वीरेंद्र कुमार, विशाल गुप्ता, सुरेंद्र कुमार, आशीष गुप्ता और निशांत ने निभाई। एसोसिएशन के महासचिव विवेक अग्रवाल ने बताया कि सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले रविवार को खेले जाएंगे। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर एसोसिएशन के अध्यक्ष कुश भार्गव होंगे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button