खबर शहर , Agra News: आगरा के बेटे-बहू ने बॉक्सिंग रिंग में दिखाया दम – INA

आगरा। कुछ महीने पहले प्रेम विवाह कर एक-दूसरे के जीवनसाथी बने आगरा के बेटे और बहू ने अब बॉक्सिंग रिंग में भी ताजनगरी का मान बढ़ाया। अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर गगनदीप और नेशनल बॉक्सर मानसी शादी के बाद पहली बड़ी प्रतियोगिता में एक साथ उतरे और दोनों ने 75वें ऑल इंडिया पुलिस गेम्स के फाइनल में जगह बनाई।
स्वर्ण पदक की आखिरी जंग में परिस्थितियां उनके साथ नहीं रहीं। गगनदीप की पुरानी चोट उभर आई, जबकि मानसी को फाइनल से एक दिन पहले पथरी के दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। दोनों को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। हरियाणा के मधुबन में 23 से 27 सितंबर तक आयोजित 75वें ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में देशभर की पुलिस टीमों के मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया।
गगनदीप ने प्री-क्वार्टर फाइनल में पंजाब पुलिस के लवप्रीत सिंह को 5-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल में लद्दाख पुलिस के हुसैन को भी 5-0 से शिकस्त दी। सेमीफाइनल में एसएसबी के हरजीत सिंह को भी 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में उनका मुकाबला बीएसएफ के नीरज से हुआ। मुकाबले से पहले गगनदीप की पुरानी चोट फिर उभर गई थी। चोट के कारण वह एक हाथ से ही अधिक मुक्के लगा पा रहे थे और पूरी ताकत के साथ मुकाबला नहीं कर सके। कड़े मुकाबले में उन्हें 2-3 से हार का सामना करना पड़ा और रजत पदक मिला।
मानसी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में उत्तराखंड पुलिस की मुक्केबाज को 5-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल में सीआईएसएफ की किरण को 5-0 और सेमीफाइनल में बीएसएफ की शिवानी तोमर को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। शनिवार को मानसी को पथरी के दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। स्वास्थ्य कारणों से वह रविवार को आईटीबीपी की सुषमा के खिलाफ फाइनल मुकाबले में नहीं उतर सकीं। उन्हें वॉकओवर के आधार पर रजत पदक मिला।
कोच ब्रजेश मीणा ने कहा कि गगनदीप और मानसी दोनों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। गोल्ड नहीं मिल सका, लेकिन दोनों ने विपरीत परिस्थितियों में जिस तरह का जुझारूपन दिखाया, वह सराहनीय है। शादी के बाद पहली बड़ी प्रतियोगिता में दोनों का फाइनल तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि है।