खबर शहर , Agra News: खेत पर धमकी देने के बाद चौराहे पर मारपीट, तीन के खिलाफ मामला दर्ज – INA

पिनाहट। थाना मंसूखपुरा क्षेत्र के सेहा गांव में खेत पर जाकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद चौराहे पर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सेहा निवासी अजीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार की रात वह अपने खेत पर सो रहा था। आरोप है कि नेपाल सिंह पुत्र रणवीर, बृजमोहन पुत्र गंगाप्रसाद और माताप्रसाद पुत्र ख्यालीराम तारबंदी पार कर खेत में पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पीड़ित ने 112 नंबर पर सूचना दी।
आरोप है कि अगले दिन सुबह करीब 8 बजे वह बाइक से घर से निकलकर सेहा चौराहे पर पहुंचा, तो तीनों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। मारपीट में उसके गले पर चोट आई और मोबाइल भी तोड़ दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद