सीजी- सीजी: धमतरी के होटल में युवती ने की आत्महत्या, शादी से इनकार और प्रताड़ना के आरोप में युवक गिरफ्तार – INA

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाली 22 वर्षीय युवती के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती को शादी का झांसा देकर प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दरअसल, कवर्धा जिले की रहने वाली 22 वर्षीय पिंकी मानिकपुरी ने धमतरी के एक होटल में आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पिंकी का धमतरी के गोकुलपुर वार्ड निवासी 22 वर्षीय टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवती को लगातार प्रताड़ित कर रहा था।
पढ़ें: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने शिक्षक भर्ती परीक्षा पर लगाई रोक, राज्य शासन को नोटिस जारी, किया जवाब-तलब
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी टिकेश्वर साहू ने पिंकी को शादी का झांसा देकर उसका भरोसा जीता था। बाद में युवती को पता चला कि आरोपी के अन्य लड़कियों से भी संबंध हैं। इसके बाद 24 सितंबर 2026 को पिंकी कवर्धा से धमतरी पहुंची और सीजी-05 होटल के कमरा नंबर 106 में ठहरी।
अगले दिन, 25 सितंबर को टिकेश्वर युवती से मिलने होटल पहुंचा। पुलिस के अनुसार, पिंकी ने जब उससे शादी करने की बात कही, तो आरोपी ने इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसने युवती के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी युवती को लगातार परेशान करता था। इसके बाद पिंकी ने होटल के उसी कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
कोतवाली पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।