खरीदारी और घूमने के लिए रविवार की बड़ी संख्या में लोग कनॉट प्लेस और जनपथ पहुंचे थे। कोई परिवार के साथ आया था, तो कोई दोस्तों के साथ। कोई दुकान पर काम कर रहा था, तो कोई मेट्रो से उतरकर अपने रास्ते जा रहा था।
इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शनकारी अलग-अलग जगह पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिसकर्मी दौड़ने लगे। इस कार्रवाई के दौरान कई आम लोग भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इनमें दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी, खरीदारी करने आए लोग और मेट्रो के बाहर खड़े होकर प्रदर्शन देख रहे लोग शामिल थे।
प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं होने के बावजूद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से लोग हैरान रह गए। किसी को समझ नहीं आया कि उन्हें क्यों पकड़ा गया, तो कोई अपने काम पर जाने की चिंता में परेशान रहा। प्रदर्शनकारियों को पकड़ने के लिए दिनभर चली पुलिस की कार्रवाई के बीच आम लोगों को भी हिरासत में लिए जाने से परेशानी का सामना करना पड़ा।