UP News: ग्रेटर नोएडा में 5 मौतों का मामला: मृतक महेश के मोबाइल से मिले ऑडियो से खुला ऐसा राज, बहनों और नंदोई पर हो गई FIR – INA

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है. मृतक महेश के मोबाइल फोन से पुलिस को एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है, जिसमें उसने अपनों को ही इस खौफनाक कदम के लिए जिम्मेदार ठहराया है. इसके साथ ही मृतका ललिता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने महेश की दो बहनों और एक नंदोई के खिलाफ प्रताड़ना व आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है. देर रात गमगीन माहौल में पांचों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया.

पुलिस जांच में मोबाइल फोन से मिले ऑडियो ने पूरी जांच की दिशा बदल दी है. मृतक महेश के मोबाइल फोन से मिले कथित ऑडियो में उसने अपनी और अपने परिवार की इस दुखद स्थिति के लिए कुछ करीबियों और परिचितों को सीधा जिम्मेदार ठहराया है. इस ऑडियो के सामने आने के बाद अब हत्या या विष देने के बजाय ‘सामूहिक आत्महत्या’ की आशंका काफी बढ़ गई है. पुलिस ने मोबाइल फोन को अपने कब्जे में लेकर ऑडियो की प्रामाणिकता और टाइमस्टैम्प की जांच शुरू कर दी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह रिकॉर्डिंग घटना से कितनी देर पहले बनाई गई थी.

बहनों सुनीता, सपना और नंदोई पर FIR दर्ज, पुलिस ने कस्टडी में लिया

मायके पक्ष के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस ने त्वरित कानूनी कार्रवाई की है. मृतका ललिता के भाई आकाश की लिखित शिकायत पर रबूपुरा थाना पुलिस ने महेश की दो बहनों सुनीता और सपना तथा एक नंदोई के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज की है. आरोप है कि तीनों आरोपी मिलकर महेश और ललिता को लंबे समय से मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे और संपत्ति पर अवैध कब्जा जमाना चाहते थे. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है.

मुआवजा का पैसा, संपत्ति विवाद और 2019 में बड़े भाई की आत्महत्या का कनेक्शन

जांच के दौरान महेश के परिवार का पुराना दर्दनाक इतिहास भी सामने आया है. सूत्रों के अनुसार, परिवार को जमीन अधिग्रहण के बदले भारी मुआवजा राशि मिली थी, जिसके बंटवारे को लेकर लंबे समय से पारिवारिक क्लेश चल रहा था. जांच में खुलासा हुआ है कि वर्ष 2019 में महेश के बड़े भाई राहुल ने भी गृहकलेश से तंग आकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी. पुलिस इस पुराने घटनाक्रम से मौजूदा केस की कड़ियों को जोड़कर देख रही है.

ये भी पढ़ें: प्रोजेक्टर पर देख रहे थे फिल्म तभी तेज रफ्तार कार ने 7 लोगों को रौंद डाला, 3 की मौत, बलरामपुर में दर्दनाक हादसा

बिसरा सुरक्षित, देर रात गमगीन माहौल में हुआ 5 शवों का अंतिम संस्कार

गांव में सुरक्षा व्यवस्था के बीच मातम पसरा हुआ है. डॉक्टरों की टीम ने पांचों शवों का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया है, हालांकि मौत की सटीक वजह स्पष्ट न होने के कारण विसरा सुरक्षित रखकर रासायनिक जांच के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद देर रात जैसे ही पांचों शव नगला पदम सिंह गांव पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई. माहौल की गंभीरता को देखते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने नम आंखों से देर रात ही आनन-फानन में पांचों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया. ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच जारी है. ऑडियो रिकॉर्डिंग की वैज्ञानिक पुष्टि की जा रही है और निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा.

ग्रेटर नोएडा में 5 मौतों का मामला: मृतक महेश के मोबाइल से मिले ऑडियो से खुला ऐसा राज, बहनों और नंदोई पर हो गई FIR


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button