खबर शहर , संदिग्ध परिस्थिति में युवक की माैत: दुकानदार से हुआ था विवाद, मारपीट का आरोप; जांच में जुटी पुलिस – INA

कासगंज की गल्ला मंडी के पास गुटखे के रुपये वापस करने को लेकर हुए विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने दुकानदार और उसके तीन बेटों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पवसरा निवासी उमेश पुत्र गुलाब सिंह 17 अक्टूबर को गल्ला मंडी से पल्लेदारी का काम करके लौट रहा था। आरोप है कि मंडी के सामने एक परचून की दुकान से गुटखा खरीदने के दौरान 100 रुपये लौटाने को लेकर दुकानदार से विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान दुकानदार और उसके बेटों ने उमेश के साथ मारपीट की। इसके बाद उमेश घर चला गया। रात करीब एक बजे उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
रविवार सुबह सूचना मिलने पर कोतवाली कासगंज पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक, मृतक के शराब का सेवन करने और मिर्गी के दौरे पड़ने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर . की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
–