सीजी- सीजी: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आंधी-बिजली का अलर्ट, 40 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं – INA

छत्तीसगढ़ के 12 जिलों में मौसम विभाग ने आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के सुकमा से लेकर सरगुजा तक अगले तीन दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान राज्य के दक्षिणी हिस्सों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। वहीं कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

प्रभावित जिलों में चेतावनी

मौसम विभाग ने प्रदेश के सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों के कुछ हिस्सों के लिए यह अलर्ट जारी किया है। इन 12 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात होने की चेतावनी दी गई है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश का प्रभाव सीमित ही रहेगा। बीते 24 घंटे के दौरान भी राज्य में कुछ स्थानों पर वर्षा हुई है लेकिन मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार कहीं भी अधिक बारिश दर्ज नहीं हुई है। आने वाले दिनों में भी प्रदेश के सीमित इलाकों में ही बारिश की गतिविधियां रहने का अनुमान जताया गया है।

ये भी पढ़ें: सीजी: बालोद में अवैध पटाखों पर पुलिस का छापा, 71 हजार रुपये के पटाखे जब्त; दो लोगों पर केस

खुले क्षेत्रों में सावधानी

बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने खुले इलाकों में काम करने वाले लोगों तथा खेतों में काम में जुटे किसानों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार वज्रपात से होने वाले नुकसान से बचने के लिए खेतों और खुले स्थानों में मौजूद लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। अगले तीन दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ और सरगुजा संभाग तक के प्रभावित क्षेत्रों में खराब मौसम और तेज हवाओं की स्थिति बनी रहने का अनुमान है।

प्रदेश के शहरों का तापमान

राज्य में तापमान के आंकड़ों की बात करें तो अंबिकापुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। रायपुर में आज 19 अक्तूबर को मौसम साफ रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है। शहर में आज अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इससे पहले रविवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।


Credit By Amar Ujala

Back to top button