UP News: 3 पुलिस अफसरों पर गिरी गाज, मां-बाप से पूछताछ… आखिर कब तक चलेगा ‘ब्यूटी क्वीन’ श्रद्धा दुबे का लुका-छिपी का खेल? – INA

Shiva Sharma Death Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है. इस मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे का 10 दिन बाद भी कोई पता नहीं चल पाया है. पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन इसी बीच श्रद्धा के सोशल मीडिया वीडियो और मीडिया को दिए गए बयान सामने आने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं. मामले में पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपए कर दी है. वहीं, जांच में लापरवाही को लेकर पुलिस विभाग में भी कार्रवाई हुई है. अब लखनऊ पुलिस ने रायबरेली में श्रद्धा के परिवार से पूछताछ की है.

10 टीमें कर रहीं तलाश

डीसीपी सेंट्रल अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के लिए 10 पुलिस टीमें लगाई गई हैं. मामले की जांच और विवेचना जारी है. उन्होंने कहा कि श्रद्धा कहां है और मीडिया के सामने उसके बयान कैसे आ रहे हैं, इन सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने श्रद्धा दुबे समेत सभी आरोपियों पर घोषित इनाम की राशि 25 हजार रुपए से बढ़ाकर 50 हजार रुपए कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी प्रगति होगी, उसकी जानकारी मीडिया के साथ साझा की जाएगी. हालांकि, अब तक पुलिस को श्रद्धा की गिरफ्तारी में सफलता नहीं मिली है.

ये भी पढ़ें- पहले कोतवाल, फिर DCP-ACP श्रद्धा दुबे काट रही फरारी, बारी-बारी नप रहे पुलिस अधिकारी

पिता और सौतेली मां से पूछताछ

श्रद्धा की तलाश में लखनऊ पुलिस की एक टीम रायबरेली पहुंची. पुलिस ने शहर कोतवाली क्षेत्र के रामजीपुरम स्थित उसके आवास पर पहुंचकर पिता एसपी दुबे और सौतेली मां से पूछताछ की. जानकारी के मुताबिक, बंद कमरे में करीब डेढ़ घंटे तक सवाल-जवाब किए गए. सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान पुलिस ने मकान में पहले किराए पर रह चुके आनंद पांडेय के बारे में भी जानकारी जुटाई.

लखनऊ से एसएचओ समेत कई पुलिसकर्मी इस कार्रवाई के लिए रायबरेली पहुंचे थे. बताया जाता है कि श्रद्धा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई भी रायबरेली में ही की थी. पूछताछ के बाद श्रद्धा के पिता ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखने से इनकार कर दिया. पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि श्रद्धा कहां है और उसे पकड़ने के लिए कौन-कौन से सुराग मिल सकते हैं?

10 दिन से फरार है श्रद्धा दुबे

यह मामला 9 अक्टूबर को लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में हुई घटना से जुड़ा है. अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. इस मामले में श्रद्धा दुबे मुख्य आरोपी है. उसके साथ उसकी बहन रश्मि और चालक दानिश भी फरार है. पुलिस इन सभी की तलाश कर रही है. इससे पहले जांच टीमों ने भारत-नेपाल सीमा के आसपास भी तलाश अभियान चलाया था. रुपईडीहा से एक गाड़ी बरामद किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी. पुलिस नेपाल पुलिस के सहयोग से सीमावर्ती इलाकों में सुराग तलाश रही थी. हालांकि, इन प्रयासों के बावजूद श्रद्धा का पता नहीं चल सका.

ये भी पढ़ें- तैयार थी सरेंडर की पूरी स्क्रिप्ट, फिर कैसे UP पुलिस को गच्चा दे गई श्रद्धा दुबे? इंस्पेक्टर और डीसीपी पर गिरी गाज

पुलिस की जांच पर उठे सवाल

श्रद्धा की तलाश के बीच उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया. इसके बाद 18 अक्टूबर को उसके मीडिया को बयान देने की खबर भी आई. ऐसे में सवाल उठने लगे कि जब पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश कर रही हैं तो वह मीडिया तक कैसे पहुंच रही है और उसकी लोकेशन का पता क्यों नहीं चल पा रहा है.

इससे पहले श्रद्धा के सरेंडर करने की चर्चाओं के बाद पुलिस ने हजरतगंज थाने और अदालत परिसर में भी सतर्कता बढ़ाई थी, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी वह वहां नहीं पहुंची. पुलिस ने श्रद्धा के एक करीबी से भी कई घंटे पूछताछ की, लेकिन उससे कोई ठोस सुराग मिलने की जानकारी सामने नहीं आई.

3 अधिकारियों पर कार्रवाई

श्रद्धा की गिरफ्तारी में देरी और जांच को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस विभाग में अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है. हजरतगंज थाने के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लाइन हाजिर किया गया. इसके बाद डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर को पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय से अटैच कर दिया गया. उनकी जगह डीसीपी ट्रैफिक रहे अर्पित विजयवर्गीय को डीसीपी सेंट्रल की जिम्मेदारी सौंपी गई. इसके बाद एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा को भी पद से हटाकर एसीपी क्राइम बनाया गया. उनकी जगह एसीपी कैसरबाग अभिषेक कुमार पांडेय को हजरतगंज सर्किल की जिम्मेदारी दी गई. इस तरह मामले में पुलिस के तीन अधिकारियों पर कार्रवाई हुई है.

अब गिरफ्तारी का इंतजार, कई सवाल बरकरार

शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है. श्रद्धा दुबे की तलाश के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं और इनाम की राशि भी बढ़ाई गई है. रायबरेली में उसके माता-पिता से पूछताछ के बाद पुलिस को कोई नया सुराग मिला है या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि 10 टीमों की तलाश और लगातार छापेमारी के बावजूद श्रद्धा दुबे पुलिस की पकड़ से बाहर क्यों है?

3 पुलिस अफसरों पर गिरी गाज, मां-बाप से पूछताछ… आखिर कब तक चलेगा ‘ब्यूटी क्वीन’ श्रद्धा दुबे का लुका-छिपी का खेल?


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button