खबर शहर , Agra News: आधी रात सड़क पर घूमती मिली दिल्ली की युवती – INA

आगरा। दिल्ली के नेहरू प्लेस इलाके की एक युवती रविवार को आधी रात सड़क पर घूमती मिली। पेइंग गेस्ट में चार्जर तार के लिए साथी युवतियों से विवाद होने पर वह सड़क पर पहुंची और रास्ता भटक गई। कुछ राहगीरों ने पुलिस को फोन कर दिया, जिसके बाद परिजन को बुलाकर युवती को उन्हें सौंप दिया गया।
स्पा केंद्र में नौकरी के लिए आई यह युवती लॉन्ग शर्ट और नेकर पहने थी। पैर में चप्पल भी नहीं थी। उसे अकेला घूमता देख फतेहाबाद रोड के एक होटल से काम कर घर लौट रहे तीन युवकों की नजर पड़ी। युवती डरी हुई लग रही थी। युवकों ने उसकी परेशानी भांप ली और उसे भाई की तरह बात करने का आश्वासन दिया। युवती ने बताया कि वह भीड़-भाड़ वाले स्थान पर जाना चाहती है, तभी कुछ बताएगी।
युवक उसे पंचवटी कॉलोनी के पास लाए और बाद में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एक राहगीर महिला की मदद से युवती को कपड़े दिलवाए। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने युवती से पूछताछ की। युवती ने बताया कि एक स्पा केंद्र की संचालिका ने उसे आगरा में अच्छी नौकरी और अधिक भुगतान का आश्वासन दिया था। यह सुनकर वह रविवार को आगरा आ गई। जिस जगह उसे रखा गया, वहां दो और युवतियां थीं जिनकी बातें संदिग्ध लगीं।
रात में मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए तार न मिलने पर युवतियों से उसका विवाद हो गया था। वह टैक्सी से ही दिल्ली लौट जाना चाहती थी लेकिन रास्ता भटक गई। युवती पुलिस को स्पा केंद्र या भुगतान वाले अतिथि गृह के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकी। एसीपी ने बताया कि पुलिस ने उसके परिजन को बुलाया। उसकी मां पहचान के कागजात लेकर आगरा आईं। जांच के बाद युवती को उसकी मां के सुपुर्द किया गया।